पन्ना टाइगर रिजर्व में घायल बाघ।
- फोटो : अमर उजाला
पन्ना टाइगर रिजर्व का युवा बाघ पी-243 घायल हो गया है। उसे सिर पर चोट लगी है। पार्क घूमने आए पर्यटकों ने कैमरे में कैद फोटो को जूम किया तो यह बात सामने आई। फिलहाल वन विभाग उस पर नजर रख रहा है। प्राकृतिक तौर पर चोट ठीक होने का इंतजार किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले दिनों बाघ पी-243 एक अन्य बाघ से टेरिटोरियल बाघ से लड़ते हुए देखा गया था। इसका वीडियो भी सामने आया था। पार्क प्रबंधन का कहना है कि फिलहाल टेरिटोरियल फाइट का सवाल नहीं उठता। यह चोट शिकार करते समय लगी होगी। हो सकता है कि किसी शिकार ने ही जान बचाने की कोशिश में बाघ को चोटिल किया हो।
पन्ना टाइगर रिजर्व में फील्ड डायरेक्टर उत्तम कुमार शर्मा ने कहा कि बाघ किस कारण से घायल हुआ, यह पक्के तौर पर कहना मुश्किल है। बाघ के शरीर पर कोई अन्य घाव नहीं है। ऐसे में चोट लगने का कारण साफ नहीं है। हो सकता है कि बाघ शिकार करने के दौरान ही चोटिल हुआ है।