शहीद गिरिजेश का अंतिम संस्कार किया गया।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के मंडला जिले के चारगांव माल निवासी बीएसएफ के शहीद जवान गिरिजेश उद्दे का मंडला में अंतिम संस्कार किया गया। भारी बारिश के बीच हुए अंतिम संस्कार में शामिल लोगों के आंसू भी नहीं थम रहे थे।
बता दें कि शुक्रवार को त्रिपुरा में भारत-बांग्लादेश की सीमा पर आतंकवादियों से लड़ते हुए मंडला के गिरिजेश उद्दे ने अपनी जान गंवा दी थी। रविवार को पार्थिव शव गृहग्राम चारगांव माल पहुंचा। आसमान से भी मानो आंसू बह रहे हों। तेज बारिश में भी उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बड़े बेटे ने शव को मुखाग्नि दी। बेटी चंद्रिका बार-बार वह पिता को 'आई लव यू- आई लव यू' कह कर पुकार रही थी। शहीद की बेटी ने मांग की है कि जिन उग्रवादियों ने पिता को गोली मारी है, उनका सिर भी काटकर लाया जाए।
मंडला कलेक्टर हर्षिता सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह, विधायक अशोक मसकोले, ओम प्रकाश धुर्वे, नारायण पट्टा ने अंतिम यात्रा में शामिल होकर शोक संवेदना जाहिर की। शवयात्रा में पूरा गांव उमड़ पड़ा था। शहीद का अंतिम संस्कार उनके घर के ही पीछे किया गया।