भिंड के शासकीय कन्या महाविद्यालय में बीएससी नर्सिंग के चतुर्थ वर्ष की परीक्षा के पहले दिन छात्र खुलेआम नकल करते पाए गए हैं। महाविद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में छात्रों का नकल करते हुए फुटेज मिला है, जिसमें छात्र बिना किसी डर के एक-दूसरे से पूछकर और एक-दूसरे की आंसरशीट में ताका-झांकी कर प्रश्नपत्र हल करते हुए नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार भिंड जिले में संचालित सभी नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम और बीएससी नर्सिंग कोर्सेस में पढ़ने वाले ज़्यादातर छात्र अन्य प्रदेशों के हैं, ये छात्र सिर्फ परीक्षाओं के समय ही यहां आते हैं। शुक्रवार से बीएससी नर्सिंग चतुर्थ वर्ष की वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गयी हैं। भिंड के शासकीय कन्या महाविद्यालय को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा के पहले दिन महाविद्यालय के अनुसार नकल सम्बन्धी सभी गतिविधियों पर रोक लगाने के पुख़्ता इंतज़ाम किए गए थे। लेकिन इसके बाबजूद छात्र सामूहिक रूप से एक दूसरे से बात करते हुए परीक्षा की उत्तरपुस्तिका दिखाते और झांककर नकल करते पाए गए हैं। ये सारी गतिविधियाँ परीक्षाकक्ष में ही लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं।
गर्ल्स कॉलेज के प्राचार्य और परीक्षा केंद्र प्रभारी सुधीर दीक्षित ने बताया की यहां 4 कॉलेज जिनमें पातीराम शिवहरे महाविद्यालय, नवलकिशोर शिवहरे महाविद्यालय, मृत्युंजय महाविद्यालय और आरएलडी नर्सिंग कॉलेज का परीक्षा केंद्र शासकीय कन्या महाविद्यालय में बनाए गए हैं, जिनके कुल 244 छात्रों की परीक्षा यहां हो रही हैं। हालाँकि कुछ बच्चे अनुपस्थित रहे हैं जबकि 236 छात्र परीक्षा में बैठे हैं।
वहीं नकल के सम्बंध में सवाल करने पर उनका कहना था कि शुक्रवार की परीक्षा में कोई भी नकल प्रकरण नहीं बना, क्यूँकि सभी छात्रों की तलाशी गेट पर ही ले ली गयी थी। सभी के मोबाइल भी जमा करा लिए गए थे। लेकिन इस दौरान परीक्षा कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद नकल की तस्वीरों को लेकर जब प्राचार्य से सवाल किया गया, तो उनका जवाब भी चौंकाने वाला था, प्राचार्य सुधीर दीक्षित का कहना था कि, छात्र तो छात्र है वे ड्यूटी दे रहे शिक्षकों से नजरें बचाकर बात कर सकते हैं। वे मानते नहीं हैं। आप कितनी भी सख़्ती कर लें,लेकिन यहां नकल नहीं चल रही। किसी भी तरह का नकल मटेरियल आपको नहीं मिलेगा।