भिंड में 10वीं में फेल होने पर छात्र ने फांसी लगा ली तो बालाघाट जिले में 12वीं की छात्रा अंग्रेजी में फेल होने पर कुएं में कूद गई।
- फोटो : Social Media
मध्य प्रदेश बोर्ड परीक्षाओं के नतीजे शुक्रवार को घोषित किए गए। इसके साथ ही कुछ बुरी खबरें भी सामने आ रही हैं। भिंड में 10वीं में फेल होने पर छात्र ने फांसी लगा ली तो बालाघाट जिले में 12वीं की छात्रा अंग्रेजी में फेल होने पर कुएं में कूद गई।
जानकारी के अनुसार पहला मामला भिंड जिले के गोहद का है। वार्ड क्रमांक 11 बड़े बाजार में रहने वाला 15 वर्षीय छात्र अंकित कटारे के शासकीय मॉडल स्कूल में कक्षा 10 में अध्ययनरत था। शुक्रवार को जब परिणाम घोषित हुए तो अपना रिज़ल्ट देखने के बाद वह काफ़ी निराश था, वह परीक्षा परिणामों में फेल हो गया था। शाम को अंकित हथियापोर मंदिर वार्ड क्रमांक 12 में पहुंचा। मंदिर में अंतिम दर्शन किए और फिर मंदिर परिसर में लगे नीम के पेड़ पर फांसी के फंदे पर झूल गया। कुछ देर में उसकी मौत हो गई। कुछ समय बाद जब लोगों ने अंकित फांसी पर लटकता देखा तो उसके घरवालों को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाया और अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
दूसरा मामला बालाघाट जिले के गुदरूघाट गांव का है। तिरोड़ी पुलिस थाना प्रभारी चेन सिंह उइके ने बताया कि गांव की 17 वर्षीय रजनी लिल्हारे ने कुएं में कूदकर आत्महत्या की है। वह 12वीं में थी और अंग्रेजी में फेल हो गई थी। इसे लेकर निराश थी। रजनी ने घर से निकलते ही अपनी कजिन बहन को फोन कर मामला बताया फोन पर बात करते-करते ही वो कुएं में कूद गई। कूदने की आवाज सुनकर कजिन ने लड़की के परिवार को घटना की सूचना दी। घरवाले जब तक मौके पर पहुंचे रजनी दम तोड़ चुकी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।