पीएम मोदी ने आंकाक्षी जिलों को संबोधित किया (फाइल फोटो)
- फोटो : सोशल मीडिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देशभर के आकांक्षी जिलों से वर्चुअल चर्चा की और आकांक्षी जिलों के कलेक्टर्स को संबोधित किया। पीएम मोदी ने मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले की तारीफ की। जिले में मातृ-शिशु मृत्यु दर कम करने के लिए पूर्णा अभियान चलाया गया, जिसका सार्थक परिणाम प्राप्त हुआ। अभियान के तहत चार सालों में पहली तिमाही में गर्भवती महिलाओं का पंजीयन 37 फीसदी से बढ़कर 97 फीसदी हो गया है। इस सराहनीय पहल और उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज करने पर प्रधानमंत्री मोदी ने जिले के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आकांक्षी जिले कई मापदंडों में अच्छा काम करके दिखा रहे हैं और जिले भविष्य को सामने रख कर बदलाव ला रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हैदराबाद से वर्चुअली शामिल हुए। वहीं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार और छतरपुर कलेक्टर संदीप जी आर भी वर्चुअली कार्यक्रम में जुड़े। मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर शेयर की।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया, उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश प्रधानमंत्री मोदी से मार्गदर्शन में लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए कृतसंकल्पित है। महिलाओं के उत्तम स्वास्थ्य के लिए हम सभी पीएम मोदी की प्रेरणा से कार्य कर रहे हैं। मध्यप्रदेश इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभारी है।
बता दें कि जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं और प्रसव उपरांत शिशुओं की देखभाल तथा समुचित स्वास्थ्य लाभ दिलाने की प्रत्याशा को लेकर पूर्णा अभियान चलाया जा रहा है। पहले जहां जिले में महज 37 फीसदी गर्भवती महिलाओं का तीसरी तिमाही में पंजीयन किया जाता था वहीं अब ये आंकड़ा बढ़कर 97 फीसदी हो गया है।