शिवपुरी पुलिस की हिरासत में डकैत रामकेश गुर्जर
- फोटो : अमर उजाला
चंबल में डकैतों को लेकर चलाए जा रहे सर्चिंग अभियान के तहत मुरैना और शिवपुरी पुलिस को सफलता मिली है। दोनों जिलों की पुलिस ने 25-25 हजार रुपये के दो इनामी डकैतों को हिरासत में लिया है।
शिवपुरी जिले की पुलिस ने इनामी डकैत रामकेश गुर्जर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया डकैत दस्यु गट्टा गुर्जर गैंग का मुख्य सदस्य रह चुका है। वहीं, मुरैना जिला पुलिस ने राजस्थान के कुख्यात डकैत लुक्का गुर्जर की गैंग के सदस्य राहु बाबा को गिरफ्तार किया है। डकैत पर दो राज्यों की पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था।
डकैत राहु बाबा पर दर्ज हैं कई मामले
मुरैना जिला पुलिस ने राजस्थान के कुख्यात डकैत लुक्का गुर्जर की गैंग के सक्रिय सदस्य राहु बाबा उर्फ पल्लो गुर्जर को गिरफ्तार किया है। डकैत पर 25 हजार का इनाम था, जिसे मध्य प्रदेश के साथ ही राजस्थान की पुलिस भी तलाश रही थी। पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने बताया कि डकैत राहु बाबा ने राजस्थान के धौलपुर में पुलिस की आंखों में मिर्ची झोंक कर डकैत लुक्का गुर्जर को पुलिस कस्टडी से छुड़ाने की कोशिश की थी, लेकिन सफल नहीं हो सका था। उसके बाद से यह लगातार फरार था। डकैत पर राजस्थान की पुलिस ने 10 हजार, मध्य प्रदेश की मुरैना पुलिस ने 10 हजार और गुना जिले की पुलिस ने 5 हजार का इनाम घोषित किया है। डकैत राहु बाबा पर लूट, हत्या, हत्या के प्रयास, अवैध वसूली और अपहरण जैसे कई मामले दर्ज हैं। बता दें मुरैना पुलिस और एसएएफ की एक बटालियन इन दिनों डकैत गुड्डा गुर्जर की तलाश करने के लिए चंबल के बीहड़ों में सर्च अभियान चला रही है।