गृहस्थ योगी संत देव प्रभाकर शास्त्री 'दद्दा जी' के अंतिम संस्कार में भारी भीड़ उमड़ी। अंतिम संस्कार सोमवार को मध्यप्रदेश के कटनी शहर के बाहरी इलाके दद्दाधाम में किया गया। 'दद्दा जी' के अंतिम संस्कार में भारी संख्या में लोग शामिल हुए। पुलिस-प्रशासन की कोशिशों के बावजूद श्रद्धालु और शिष्य इन भावुक पलों में शारीरिक दूरी के नियमों को भूल गए।
गृह मंत्रालय के द्वारा लॉकडाउन 4 को लेकर जारी निर्देशों के मुताबिक अंतिम संस्कार में 20 से अधिक लोग शामिल नहीं हो सकते हैं, लेकिन 'दद्दाजी' की अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोगों की भीड़ देखी गई।
रविवार की रात 'दद्दा जी' का देहावसान हो गया था। वो लीवर और किडनी की बीमारी से ग्रसित थे। उन्होंने कटनी स्थित आश्रम में अंतिम सांस ली। दद्दा जी पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के एम्स में भर्ती थे। डॉक्टरों के जवाब देने के बाद उन्हें बीते शनिवार को मध्यप्रदेश के कटनी स्थित आश्रम में लाया गया था। उनका हालचाल लेने रविवार को मध्य प्रदेश के नेताओं सहित कई लोग दद्दा धाम पहुंचे थे।