पूरे देश में जारी लॉकडाउन के बीच मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में ऐसे पोस्टर लगाए गए हैं जिनमें राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ और उनके बेटे व सांसद नकुलनाथ के लापता होने की बात कही गई है। पोस्टर में दोनों की खबर देने वाले को 21 हजार रुपये का इनाम देने का दावा किया गया है। बता दें कि छिंदवाड़ा को कमलनाथ का गढ़ माना जाता है। इस क्षेत्र में कमलनाथ की अच्छी पकड़ है और वह फिलहाल यहां से विधायक हैं। वहीं, 2019 के लोकसभा चुनाव में उनके बेटे ने यहां से जीत दर्ज की थी।
भाजपा नेता पंकज चतुर्वेदी ने कहा कि कमलनाथ और नकुलनाथ इन दिनों कोरोना वायरस के खतरे को लोकर लोगों को बहुत ज्ञान दे रहे थे। लेकिन अब जमीनी स्तर पर वह क्या कर रहे हैं? समस्या यह है कि कमलनाथ कांग्रेस में जारी अंदरूनी लड़ाई में व्यस्त हैं। उनके पास छिंदवाड़ा के लिए समय नहीं है। वह अपनी विधानसभा में तभी पहुंचेंगे जब चुनाव नजदीक होंगे।
वहीं, मध्यप्रदेश कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने कहा कि भाजपा को यह बताना चाहिए कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लॉकडाउन के दौरान कितनी बार अपने विधानसभा क्षेत्र बुधनी का कितनी बार दौरा किया। सलूजा ने दावा किया कि चौहान एक बार भी भोपाल से बाहर नहीं गए हैं।