मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव दोनों साथ होंगे। दो से तीन दिन में तारीख भी घोषित हो जाएगी।राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त बसंत प्रताप सिंह ने कलेक्टर्स के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के बाद कहा कि आयोग चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।
सुप्रीम कोर्ट के नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव कराने के आदेश जारी करने के बाद राज्य निवार्चन आयोग ने भी तैयारी तेज कर दी है। राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव को लेकर लगातार बैठकें कर रहा है। गुरुवार को आयोग ने सभी जिला कलेक्टर्स के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बातचीत की। आयुक्त बसंत प्रताप सिंह ने कहा कि आयोग चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव दोनों के एक साथ होंगे। पंचायत चुनाव बैलेट पेपर से होंगे। बता दें अभी तक जिला और जनपद पंचायत जनप्रतिनिधियों के चुनाव होते थे।
आयुक्त ने पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना से भी बात की। उन्होंने कानून व्यवस्था और चुनाव के लिए बल की उपलब्धता पर चर्चा की। आयुक्त ने कहा कि दोनों चुनाव एक साथ कराए जाएंगे।
सुप्रीम कोर्ट ने 15 दिनों में चुनाव की अधिसूचना जारी करने और बिना ओबीसी आरक्षण के चुनाव कराने के आदेश दिए हैं। इसके बाद राजनीतिक दलों में ओबीसी वर्ग का हितेषी बनने के आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। साथ ही राज्य निवार्चन आयोग ने भी सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार कार्रवाई करने बैठकें शुरू कर दीं। बुधवार को राज्य निर्वाचन आयाेग ने 24 मई तक दोनों चुनाव की तारीखें घोषित करने और हर हाल में जून में दोनों चुनाव कराने की बात कही थी। इसके बाद गुरुवार को आयुक्त ने सभी जिलों के कलेक्टर्स के साथ बैठक बुलाई थी।