मध्य प्रदेश में पंचायत चुनाव निरस्त होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग नए सिरे से चुनाव कराने की तैयारी कर रहा है। राज्य निर्वाचन आयुक्त बीपी सिंह ने बुधवार को सभी कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। उन्हें मतदाता सूची पुनरीक्षण के निर्देश दिए हैं। नई मतदाता सूची के आधार पर नए सिरे से चुनाव कराए जाएंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को पंचायत चुनाव निरस्त कर दिए थे। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव बीएस जामोद ने बताया कि सभी कलेक्टरों को उम्मीदवारों की जमानत राशि लौटाने के निर्देश दिए गए हैं। पंचायत चुनाव में 2 लाख 14 हजार 770 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। इसी तरह जिला पंचायत चुनावों के लिए 3 हजार 541 नामांकन आए थे। जनपद सदस्य के लिए 14 हजार 814, सरपंच पद के लिए 1 लाख 36 हजार और पंच के लिए 2 लाख 14 हजार लोगों ने नामांकन दाखिल किए थे। इन सभी उम्मीदवारों को जमानत राशि लौटाई जाएगी।