शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में प्रधानमंत्री मोदी की सलामती के लिए महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया।
- फोटो : सोशल मीडिया
पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक के बाद उनकी सलामती के लिए मध्य प्रदेश में कई शहरों में महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के लालघाटी स्थित गुफा मंदिर में और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में पहुंचकर मंत्र का जाप किया। प्रधानमंत्री की सलामती के लिए पूजा करने कृषि मंत्री कमल पटेल ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचे।
बुधवार को पीएम मोदी की सुरक्षा में हुई चूक पर सीएम शिवराज ने गांधी परिवार पर निशाना साधा था। वीडियो जारी कर कहा था कि गांधी परिवार और कांग्रेस सरकार ने पीएम की सुरक्षा के साथ नहीं बल्कि पूरे देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया है। इसे देश की जनता माफ नहीं करेगी। पंजाब सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा था कि देश के करोड़ों लोगों का आशीर्वाद प्रधानमंत्री जी के साथ है। भगवान का धन्यवाद कि उनका जीवन सुरक्षित है। कांग्रेस सरकार और गांधी परिवार ने उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। इससे पहले कभी देश में ऐसी घटना सामने नहीं आई। प्रधानमंत्री की सुरक्षा की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होती है, लेकिन पीएम की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही कर पूरे राष्ट्र की सुरक्षा में चूक की गई है। यह कांग्रेस का अपराधिक षडयंत्र है जिसे जनता कभी माफ नहीं करेगी।