जिंदा जलाने के बाद रात में ही युवक ने युवती को अस्पताल में भर्ती कराया। सुबह जब उसके परिजन अस्पताल पहुंचे तो युवक वहां से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मध्यप्रदेश के रीवा में प्रेमिका पर कैरोसिन डालकर ज़िंदा जलाने का मामला सामने आया है। युवती गंभीर रूप से झुलस गई है। पीड़िता का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, रीवा जिले के मनगवां थाना क्षेत्र देवरी गांव में सिरफिरे प्रेमी आनंद पटेल के बुलाने पर उसकी 25 वर्षीय प्रेमिका घर से 100 मीटर दूर रात 1 बजे मिलने गई थी। जहां आनंद पटेल युवती के साथ विवाद करने लगा।
विज्ञापन
घटना के वक्त युवक का हाथ जला
एएसपी शिव कुमार वर्मा के मुताबिक, आनंद पटेल लड़की से प्रेम करता था। दोनों के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था। घटना के वक्त युवक का भी हाथ जल गया । प्रेमी का कहना है कि चुनरी में आग लगने से युवती झुलसी थी। आग बुझाने का उसने पूरा प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, घटना 1 जुलाई की रात 1 बजे की है। परिजनों ने 2 दिन बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की जांच चल रही है।