शादी के वक्त हम दंपति को खास तोहफा देना पसंद करते हैं, लेकिन मध्यप्रदेश सरकार के एक मंत्री ने इस तोहफे को मुहिम से जोड़ दिया है। मंत्री जी ने एक सामूहिक विवाह समारोह में 700 दुल्हनों को 'मोगरी' (लकड़ी का बैट) गिफ्ट की।
मोगरी का इस्तेमाल आमतौर पर कपड़ो की धुलाई करने के लिए किया जाता है, लेकिन मंत्री जी ने मोगरी गिफ्ट कर दुल्हनों को सलाह दी है कि उनके पति अगर शराब पीकर घर वापस आएं और उनका शोषण करें तो महिलाएं मोगरी से उनकी पिटाई करें।
तोहफे में दी गई इस मोगरी पर कैप्शन है 'शराबियों की सुताई हेतु भेंट, पुलिस नहीं बोलेगी'। गोपाल भार्गव मध्य प्रदेश सरकार में पंचायती राज और ग्रामीण विकास मंत्री हैं। उन्होंने अपने होमटाउन सागर जिले के गढ़कोटा में अक्षय तृतीया के मौके पर हुए सामूहिक विवाह समारोह में 700 दुल्हनों को मोगरी तोहफे में दी है।