सीहोर की रहने वालीं कुंजन झंवर प्रदेश की पहली योगा थैरेपिस्ट बन गई हैं।
- फोटो : अमर उजाला
सीहोर की रहने वालीं कुंजन झंवर प्रदेश की पहली योगा थैरेपिस्ट बन गई हैं। उन्होंने हाल ही में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा योग प्रमाणीकरण बोर्ड की परीक्षा 'असिस्टेंट योगा थैरेपिस्ट' उत्तीर्ण कर सीहोर जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। यह उपलब्धि अर्जित करने वाली कुंजन मध्य प्रदेश की पहली महिला हैं, कुंजन के मुताबिक इस लेवल की परीक्षा अभी केवल उन्हीं ने उत्तीर्ण की है।
योग की दुनिया में महारथ हासिल करने वाली कुंजन सीहोर के पारस विहार फेस-2 में रहती हैं। कुंजन भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त एवं महाराष्ट्र राज्य द्वारा योगा थैरेपिस्ट की परीक्षा भी उत्तीर्ण कर चुकी हैं। कुंजन ने इसके पहले भी कई योग ग्रंथों व अष्टांग योग, हठयोग, मंत्रयोग, राजयोग, विन्यास योग, नादयोग इत्यादि पर अध्ययन कर परीक्षा, प्रतियोगिता जीती हैं। उन्होंने बताया कि वे पतंजलि योगपीठ ट्रस्ट हरिद्वार से भी अष्टांग योग का प्रशिक्षण और नेचुरोपैथी में डिग्री ले चुकी हैं। कुंजन सीहोर जिले की मध्य प्रदेश योगासन एवं स्पोर्ट्स फेडरेशन की सदस्य भी हैं।
कुंजन झंवर समाजसेवी एवं नेत्रदान प्रेरक कमल किशोर झंवर की पुत्रवधू एवं सीए सुमित झंवर की पत्नी हैं। बता दें कि कुंजन स्वयं भी गंभीरतम रोगों से ग्रस्त थीं परंतु योग के माध्यम से धीरे-धीरे उन्होंने अपने रोगों को दूर किया। अब योग और प्राकृतिक चिकित्सा द्वारा जनमानस को ऑनलाइन/ऑफलाइन कक्षाओं के माध्यम से रोग मुक्त कर रही हैं।