ज्योतिरादित्य सिंधिया और वायरल वीडियो की तस्वीर।
- फोटो : सोशल मीडिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया यूक्रेन में फंसे छात्रों को निकालने के लिए रोमानिया गए हुए हैं। वहां पर एक नेता के साथ उनकी बहस का एक वीडियो वायरल हुआ है। कांग्रेस का आरोप है कि यह बहस सिर्फ श्रेय लेने की होड़ की वजह से हुई है। यह भी दावा किया जा रहा है कि सिंधिया को जो शख्स खरी-खोटी सुना रहा है, वह रोमानिया का मेयर है।
खैर, जो वीडियो वायरल हुआ है, उसकी हम पुष्टि नहीं करते। वीडियो 43 सेकंड का है। इसमें रोमानिया का मेयर सिंधिया से कहता दिख रहा है कि आप यह मत बोलो। इस पर सिंधिया कहते हैं कि हमें जो बोलना है, वह बोलेंगे। आप यह तय नहीं कर सकते। तब भड़कते हुए मेयर कहता है कि आप इन्हें बताइए कि यह लोग कब जाने वाले हैं। कैसे जाने वाले हैं। आप इन्हें कैसे लेकर जाओगे? हमने इनके (छात्रों के) लिए खाने की, रहने की व्यवस्था की है। इतना कहकर वह शख्स निकल जाता है। दूसरी ओर सिंधिया वहां खड़े भारतीय छात्रों को उन्हें निकालने की योजना बताते हैं। साथ ही सरकार की ओर से की गई व्यवस्थाओं की जानकारी देते हैं। सिंधिया कहते दिख रहे हैं कि हमारा प्लान है कि हम हर कैंप से सभी भारतीय छात्रों को निकालकर ले जाएंगे। साथ ही रिकॉर्ड पर रोमानिया सरकार को धन्यवाद देते भी दिखे।
कांग्रेस नेता सलमान निजामी ने वीडियो ट्वीट किया और लिखा कि जुमला भारत में काम करता है लेकिन विदेश की धरती पर नहीं। देखिए राहत शिविर में रोमानिया के मेयर ने किस तरह ज्योतिरादित्य सिंधिया को पाठ पढ़ाया। उनसे कहा कि आप कब यहां से जाओगे। राहत शिविर में जगह और खाना हम दे रहे हैं, आप नहीं। कांग्रेस प्रवक्ता का दावा है कि इस दौरान छात्रों ने ताली बजाई।