महिला कांग्रेस की बैठक खत्म होने के बाद महिलाओं में कमलनाथ के साथ सेल्फी लेने की होड़ मच गई।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का दर्द मंगलवार को सामने आ गया। महिला कांग्रेस की बैठक में उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं को धर्म के नाम पर गुमराह कर रही है। सबसे बड़ी शक्ति आज महिला शक्ति है। महिलाएं सच्चाई का साथ देती हैं, लेकिन आसानी से गुमराह हो जाती हैं। भाजपा महिलाओं को गुमराह करने में माहिर है। हर चीज में भाजपा महिलाओं को गुमराह कर लेती है।
भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में महिला कांग्रेस के कार्यक्रम में कमलनाथ ने कहा कि भाजपा धर्म की बात करने लग जाती है। पूजा-पाठ का कार्यक्रम करती है। धर्म का साथ दो, भाजपा का साथ दो, ऐसा कहती है और महिलाएं भावनाओं में बह जाती है। महिलाओं को गुमराह होने से बचाना है। यह सबसे बड़ी आवश्यकता है कि भाजपा महिलाओं को गुमराह न कर सके।
महिलाएं सिर्फ सजावट के लिए नहीं
कमलनाथ ने यह भी कहा कि महिला कांग्रेस को लक्ष्य साफ रखना होगा। मैं साफ बोलना चाहता हूं कि महिलाएं सजावट के लिए नहीं है। महिला कांग्रेस सिर्फ सजावट का संगठन नहीं है। महिला कांग्रेस को गांवों में फोकस करना होगा। महिलाएं किस गांव में कांग्रेस को मजबूत कर सकती है, उसकी लिस्ट बनाए। सदस्यता अभियान में अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ा जाए। विधानसभा चुनावों में एक साल 10 महीने बचे हैं। ऐसे में पूरी तरह से चुनाव में लगना होगा। हम जहां चुनाव हारे, वहां उनके कारणों का पोस्टमार्टम करना होगा।
महंगाई को लेकर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन
अर्चना जायसवाल के नेतृत्व में भोपाल में महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों ने महंगाई के मुद्दे पर जनजागरण यात्रा निकाली। प्रदेश कांग्रेस कमेटी दफ्तर से बोर्ड ऑफिस चौराहे तक यात्रा निकाली। महिला कांग्रेस की नेताओं का आरोप है कि केंद्र और राज्य सरकार महंगाई काबू करने में पूरी तरह नाकाम रही है। पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों को भी रोकने में सरकारें नाकाम रही हैं।