छात्रों को गणित पढ़ाते जबेरा विधायक
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के दमोह जिले के विधायक इन दिनों शिक्षक की भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं। बीते दिनों जहां दमोह जिले के पथरिया से बसपा विधायक रामबाई ने बच्चों की क्लास ली थी तो वहीं अब उनकी देखा देखी जबेरा से भाजपा विधायक धर्मेंद्र सिंह लोधी भी विधानसभा क्षेत्र के सरकारी स्कूल पहुंचे और बच्चों को गणित विषय पढ़ाया इस दौरान उन्होंने बच्चों के सवालों के जवाब भी दिए। जबेरा विधायक धर्मेंद्र सिंह लोधी ने स्कूल प्रबंधन को छात्रों को उच्च गुणवत्ता युक्त शिक्षा देने की भी बात कही है।
मध्यप्रदेश की खस्ताहाल शिक्षा व्यवस्था के बारे में सभी जानते हैं। चुनावों के नजदीक आते ही अब दमोह जिले के विधायक अपने क्षेत्र की जमीनी हकीकत के हाल जानने के लिए क्षेत्र में निकल रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को जबेरा से भाजपा विधायक तेंदूखेड़ा ब्लॉक के दिनारी गांव के शासकीय हाई स्कूल पहुंचे। उन्होंने छात्रों से चर्चा की और लंबाई और चौड़ाई के सवालों को हल कराया। इस दौरान विधायक ने छात्रों से भी जानकारी ली।
शिक्षक रहे हैं विधायक के पिता
जबेरा विधायक सुरेंद्र सिंह लोधी हिन्दी से एमए हैं। उनके परिवार के लोग भी शिक्षित हैं। उनके पिता खुद शिक्षक थे, वहीं उनका एक भाई विदेश में नौकरी कर रहा है।
पथरिया विधायक रामबाई भी बनी थी शिक्षक
कुछ दिन पहले पथरिया से बसपा विधायक रामबाई सिंह परिहार भी सांसद आदर्श ग्राम जेरठ के हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंची थी, जहां उन्होंने छात्रों से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का नाम पूछा था, लेकिन छात्र विधायक के सवालों का जवाब नहीं दे पाए थे। इस पर रामबाई ने शिक्षकों को जमकर फटकार लगाई थी। और सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिंह लगाते हुए सीएम शिवराज से शिक्षा व्यवस्था सुधारने की मांग की थी।