बीते 24 घंटे में भोपाल और इंदौर के अलावा मध्य प्रदेश के किसी भी शहर में कोरोना से नहीं हुई एक भी मौत
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश में रविवार को 23816 मरीजों की जांच में कोरोना संक्रमण के 355 मामले सामने आए हैं। इसके अलावा बीते 24 घंटों में कोरोना से दो मरीजों की मौत हो गई। भोपाल में पॉजिटिव मरीजों की संख्या में हर दिन कमी होती जा रहा है। पिछले हफ्ते से भोपाल में मरीजों का आंकड़ा कम ही रहा है।
भोपाल में 1200 से ज्यादा मरीजों का चल रहा इलाज
यहां रविवार को सबसे ज्यादा कोरोना के 65 मामले मिले हैं और एक मरीज की मौत हुई है। भोपाल में रविवार को 2,799 सैंपल लिए गए थे। फिलहाल शहर में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 1971 है। इनमें 480 मरीज हाेम आइसोलेशन में हैं और 1200 से ज्यादा मरीजों का शहर के सरकारी और प्राइवेट कोरोना अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
इंदौर में 43 नए कोरोना मरीज सामने आए
कोरोना के नए मरीजों के मामले में इंदौर दूसरे नंबर पर रहा। यहां बीते 24 घंटों में 43 नए कोरोना संक्रमण से पीड़ित मरीज सामने आए हैं जबकि एक मरीज की मौत हो गई है। गनीमत है कि इन दोनों शहरों के अलावा मध्य प्रदेश में कोरोना की वजह से एक भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई है। ऐसे में नगर निगम मास्क न पहनने पर व शारीरिक दूरी बनाए रखने के नियम का उल्लंघन करने वालों पर चालान नहीं कर रहा है। साथ ही अब घरों में सैनिटाइजेशन का कार्य भी नहीं किया जा रहा है।
मध्य प्रदेश में 3753 लोगों की हुई मौत
निगमायुक्त वीएस चौधरी कोलसानी ने बताया कि राज्य में कोरोना संक्रमण का प्रभाव कम हो गया है इसलिए व्यापक स्तर पर सैनिटाइजेशन कार्य को फिलहाल के लिए बंद कर दिया गया है। बता दें, प्रदेश में अब तक कोरोना के 251578 मामले सामने आ चुके हैं जबकि 3753 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 6399 लोगों का इलाज चल रहा है।