मध्य प्रदेश के शिवपुरी में 22 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। वह प्रेमी के साथ भागकर शादी करने की तैयारी में थी, पर प्रेमी ने कुछ दिन का समय मांगा था। इससे खफा प्रेमिका ने यह कदम उठाया। युवती के पिता ने भी प्रेमी को मौत का जिम्मेदार ठहराया है।
जानकारी के अनुसार रेणु राठौर नामक युवती फिजिकल इलाके में रहती थी। उसने फांसी तब लगाई, जब उसके माता-पिता घर से बाहर गए हुए थे। वह अपनी दो बहनों के साथ घर पर थी। रेणु के पिता रामस्वरूप राठौर ने बताया कि कपिल नाम के लड़के से उसका 8 साल से प्रेम प्रसंग था। दोनों के परिवारों को भी जानकारी थी। युवती की जिद थी कि शादी कपिल से ही करेगी। हमने उसकी खुशी के लिए कपिल के पिता और भाई से उनके रिश्ते के बारे में बात की। लेकिन एक जाति के न होने के कारण वे तैयार नहीं हुए।
रामस्वरूप राठौर ने बताया कि जब शादी की बात नहीं बनी तो कपिल और रेणु ने भागकर शादी करने का प्लान बनाया था। दोनों शुक्रवार को शादी करने वाले थे। शुक्रवार को कपिल बेटी को लेने नहीं आया। वह उसे एक-दो दिन में भागकर शादी करने की बात कह रहा था। बेटी इस बात से इतनी आहत हुई कि उसने घर में बनी दुकान में फांसी लगाकर जान दे दी।