कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और दिग्विजय सिंह की सरकार में मंत्री रह चुके शिव नारायण मीणा का बुधवार को हृदयाघात से निधन हो गया। मीणा उस समय केदारनाथ यात्रा के लिए जा रहे थे, जब रास्ते में रूद्रप्रयाग में उन्हें हार्ट अटैक आया। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को किया जाएगा।
मीणा के निधन से पूरे राज्य और खास कर कांग्रेस में शोक की लहर है। मीणा मध्यप्रदेश की राजनीति में कांग्रेस के जाने-माने चेहरे थे। उन्हें कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का करीबी माना जाता था। मीणा चाचौड़ा विधानसभा से चार बार विधायक और राज्य में दो बार मंत्री रह चुके हैं।
उनके पार्थिव शरीर को गुना जिले में पड़ने वाले उनके गांव चाचौड़ा लाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार होगा। मीणा के निधन पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शोक जताते हुए कहा कि पूर्व मंत्री और चांचौडा़ से कांग्रेस के पूर्व विधायक शिवनारायण मीणा के निधन का दु:खद समाचार मिला। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। विनम्र श्रद्धांजलि।