भोपाल का बैरागढ़ चिचली क्षेत्र
- फोटो : ANI
भोपाल के बैरागढ़ चिचली से तीन साल के एक बालक का शव मंगलवार को उसके घर के पास जली हुई अवस्था में बरामद किया गया। कोलार पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक अनिल बाजपेयी ने बताया कि बालक वरुण का शव दोपहर को जली हुई हालत में उसके घर से मात्र 50 फुट की दूरी पर मिला है। बाद में पुलिस ने मामले को सुलझा लिया।
भोपाल के उपनगर बैरागढ़ चिचली में अपहृत हुए एक बालक की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने बालक के पडोस में रहने वाली एक महिला और उसके 20 वर्षीय पुत्र को मंगलवार की शाम गिरफ्तार किया। तीन वर्षीय बालक का शव मंगलवार सुबह उसके घर के पास से जली हुई हालत में बरामद किया गया था।
भोपाल के पुलिस उपमहानिरीक्षक इरशाद वली ने बताया कि रविवार शाम को अपने घर से लापता हुए बालक वरुण मीणा की हत्या के आरोप में पुलिस ने पड़ोस में रहने वाली सुनीता सोलंकी (40) और उसके पुत्र शुभम सोलंकी को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने आरोपी सुनीता के हवाले से बताया कि पिछले माह सुनीता के घर में चोरी हुई थी और उसे शक था कि पडोस में रहने वाले मीणा परिवार के किसी सदस्य ने यह चोरी की है इसलिये उसने बदला लेने के लिये मीणा परिवार के बालक वरुण का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि सुनीता ने वरुण को चींटी मारने की दवा रोटी में मिलाकर रविवार शाम को बेहोश कर दिया और बाद में पुलिस की सक्रियता बढ़ने पर अपने घर की टंकी में छिपा दिया। इसके बाद सोमवार को पास के खाली पड़े मकान में वरुण का शव जलाने के बाद उस पर पानी डाल दिया।
पुलिस ने वरुण का शव उसके घर के पास खाली मकान से जली हुई हालत में बरामद किया था।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस घटना पर मंगलवार को ट्वीट किया, ‘भोपाल के बैरागढ़ चिचली इलाके से गायब मासूम बालक वरुण के प्रयासों के बावजूद सकुशल नहीं बच पाने की खबर बेहद दुखद, मन को द्रवित करने वाली। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। पीड़ित परिवार के साथ पूरी सरकार खड़ी है। आरोपियों को शीघ्र पकड़ने के निर्देश दिये गये हैं और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।’