मध्यप्रदेश की दमोह विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव के तहत शनिवार शाम पांच बजे तक 56 फीसदी मतदान हुआ है। मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है और निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कोविड-19 संबंधी दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। हालांकि, मतदान केंद्रों के बाहर मतदाता लंबी-लंबी कतारों में खड़े दिखे।
2.39 लाख मतदाता तय कर रहे किस्मत
राठी ने बताया कि मतदान शाम सात बजे तक चलेगा। उन्होंने कहा कि इस सीट पर कुल 2.39 लाख मतदाता हैं, जिनमें 1.24 लाख पुरुष, 1.15 लाख महिलाएं और आठ थर्ड जेंडर मतदाता हैं। मतदान के लिए कुल 359 केंद्र बनाए गए हैं। इस सीट पर दो महिलाओं सहित कुल 22 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें मुख्य मुकाबला भाजपा के राहुल सिंह लोधी एवं कांग्रेस के अजय टंडन के बीच माना जा रहा है।
इस वजह से हो रहा उपचुनाव
लोधी वर्ष 2018 में हुए चुनाव में इस सीट से कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए थे, लेकिन पिछले साल यानी अक्टूबर 2020 में उन्होंने विधायक पद इस्तीफा दे दिया। इसके बाद वह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए, जिससे यह सीट खाली हो गई थी। इस सीट के लिए दो मई को दमोह जिला मुख्यालय पर मतगणना होगी।