कोरोना वायरस संकट के चलते जारी लॉकडाउन के बीच मध्यप्रदेश में राजनीतिक पोस्टर वार फिर शुरू हो गया है। कांग्रेस नेताओं ने रविवार को भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के लापता होने के पोस्टर उन्हीं के जयविलास पैलेस के बाहर लगाए हैं। पोस्टर में सिंधिया की जानकारी देने वाले को 5100 रुपये का इनाम देने का एलान भी किया गया है। इससे पहले छिंदवाड़ा में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनके बेटे नकुलनाथ के लापता होने के पोस्टर लगाए गए थे।
दरअसल, रविवार को कांग्रेस नेता सिद्धार्थ सिंह राजावत अपने कुछ साथियों के साथ जयविलास पैलेस स्थित सिंधिया के महल के पास पहुंचे और उन्होंने वहां दीवार और बोर्ड पर सिंधिया के लापता होने के पोस्टर लगाने शुरू कर दिए। पोस्टर लगाते हुए राजावत ने कहा, 'अपने को जनसेवक बताने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया पिछले तीन महीनों से गायब हैं और ग्वालियर भी नहीं आए हैं।'
बता दें कि 18—19 मई की मध्यरात्रि में मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ और उनके सांसद बेटे नकुलनाथ के लापता होने के पोस्टर लगे थे और उनके इस गढ़ में इन दोनों नेताओं को लाने वाले व्यक्ति को 21,000 रुपये का इनाम देने का ऐलान किया गया था।
वहीं, इससे पहले कुछ कांग्रेस नेताओं ने भोपाल की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर के उनके निर्वाचन क्षेत्र से गायब होने के बारे में फेसबुक पर एक पोस्टर ‘गुमशुदा की तलाश’ लगाया था और कहा था कि जो लोग सांसद को भोपाल लेकर आएंगे और उन्हें जनता के काम में लगाएंगे, उन्हें जनता दिल से शुभकामनाएं देगी।