घायल कांग्रेस प्रत्याशी, महेंद्र सिंह यादव
- फोटो : ANI
उपचुनाव से पहले मध्य प्रदेश में बीजेपी और कांग्रेस के बीच तनातनी चरम पर पहुंच गई है। मध्य प्रदेश के शिवपुरी अंतर्गत कोलारस में कांग्रेस नेता देर रात धरने पर बैठे। कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा लोगों में रुपये बांट रहे हैं। उनका आरोप है कि बीजेपी विधायक के खिलाफ शिकायत कराने की वजह से उन पर लाठीचार्ज हुआ है।
पुलिस की लाठीचार्ज में
कांग्रेस के उम्मीदवार महेंद्र सिंह यादव घायल हो गए हैं। घटना शिवपुरी जिले के खतौरा गांव की है, जहां प्रचार खत्म होने के बाद देर रात कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी विधायक की गाड़ी रोक दी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस से अपील की, कि बीजेपी विधायक की गाड़ी की तलाशी ली जाए। इसी दौरान बीजेपी विधायक की गाड़ी पर पथराव होने लगा। मामले सुलझने की बजाय और उलझ गया और फिर लाठीचार्ज होने लगा। लाठीचार्ज की चपेट में कांग्रेस के उम्मीदवार महेंद्र सिंह यादव भी आ गए।
कांग्रेस विधायक का कहना है कि बीजेपी विधायक प्रचार खत्म होने के बाद पैसे बांट रहे थे। हमारी शिकायत के बावजूद पुलिस बीजेपी विधायक की चेकिंग नहीं कर रही थी। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कार को घेर लिया लेकिन बीजेपी विधायक कार से नहीं उतरे। न ही उनके ड्राइवर ने कार का दरवाजा खोला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि कुछ देर बाद
बीजेपी विधायक का ड्राइवर गाड़ी से पैसों का भरा बैग लेकर भागा। इसी से कार्यकर्ता उग्र हो गए और बीजेपी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
आपको बता दें कि 24 फरवरी को उपचुनाव के लिए मतदान होने हैं। आचार संहिता लागू है, प्रचार पर रोक लगा दी गई है।