मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर मंगलवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान के 11 साल पूरे हो गए। 11 साल पहले 29 नवंबर 2005 को शिवराज सिंह चौहान ने पहली बार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री की शपथ ली थी। इस मौके पर पार्टी प्रदेशभर में दीपोत्सव मनाएगी। इस मौके को खास बनाने के लिए बीजेपी एक हफ्ते तक जश्न मनाएगी। इस जश्न के बहाने जनता तक पहुंचने की कोशिश भी की जाएगी।
वहीं सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आज मुझे मध्य प्रदेश की सेवा करते हुए 11 साल हो गए। उन्होंने कहा कि मैंने प्रदेश को हमेशा परिवार मानकर काम किया है। प्रदेश की जनता को बधाई देते हुए उन्होने कहा कि सीएम शिवराज सिंह चौहान ने जनसेवक के रूप में 11 साल पूरे किए हैं। जो कि मध्य प्रदेश के इतिहास में एक रिकॉर्ड है।
शिवराज सिंह चौहान प्रदेश के लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री बने हैं। मध्यप्रदेश के इतिहास में वह ऐसे पहले व्यक्ति हैं, जिन्होंने लगातार प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर सबसे अधिक 11 साल पूरे किये हैं। शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में सबसे पहले 29 नवंबर 2005 में शपथ ली थी। चौहान के नेतृत्व में बीजेपी ने वर्ष 2008 के विधानसभा चुनाव में मध्यप्रदेश में 230 सीटों में से 143 पर विजय के साथ बहुमत हासिल कर सबको आश्चर्यचकित कर दिया था। तब चौहान वर्ष 2008 में दूसरी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे। मध्यप्रदेश के चर्चित व्यापमं घोटाले के आरोपों के बावजूद चौहान वर्ष 2013 के विधानसभा चुनावों में बीजेपी की 165 विधानसभा सीटों पर जीत के साथ 14 दिसंबर 2013 को तीसरी बार मुख्यमंत्री बने।
Aaj mujhe MP ki sewa karte hue 11 saal ho gaye hai, aur mene Pradesh ko hamesha parivar maan kar kaam kiya hai: MP CM Shivraj Singh Chouhan pic.twitter.com/pV0TDql5aS
— ANI (@ANI_news) November 29, 2016