मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आगामी नगरपालिका चुनाव के लिए शनिवार को बड़वानी और सेंधवा में चुनाव प्रचार किया। पहले वे बड़वानी गए, जहां उन्होंने एक विशाल जनसभा को संबोधित किया, जिसके बाद वह सेंधवा भी गए। बड़वानी में सीएम शिवराज ने कांग्रेस पार्टी पर तो हल्ला बोला ही, साथ ही अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए हाल ही में इंदौर में हुई इन्वेस्टर्स समिट में करोड़ों के निवेश की घोषणा को भी भुनाया। मुख्यमंत्री ने आमसभा में बताया कि इस इन्वेस्टर्स समिट से मध्यप्रदेश में लाखों युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने बड़वानी की सभा में शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य समेत बुनियादी जरूरतों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
कांग्रेस और कमलनाथ पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कांग्रेस को सीख देते हुए कहा कि कांग्रेस के मित्रों तुम हाथ मत जोड़ना, जनता से माफी मांगो, यहां सड़क में गड्ढा नहीं, गड्ढों में सड़क है। सीवेज सिस्टम के लिए पूरी सड़क ही खोद दी। सीवेज के लिए पैसा भेजा, लेकिन काम ही नहीं किया। शिवराज ने मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को भी आड़े हाथों लिया। चौहान ने कहा कि कमलनाथ आप भी माफी मांगो, आपने गरीबों की योजनाएं बंद कर दी थीं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों से कर्ज माफी का छलावा किया और युवाओं को बेरोजगार कर दिया। कांग्रेस ने प्रदेश के मेरे भांजे-भांजियों से दिए हुए लैपटॉप वापस ले लिया और मुख्यमंत्री मेधावी योजना को बंद कर दिया। मुख्यमंत्री ने बड़वानी जिले के लोगों से कहा कि सीएम जनसेवा अभियान के दौरान बड़वानी के सात हजार लोगों के नाम राशन कार्ड में जोड़े गए हैं। इसके बाद भी यदि कोई छूट गया होगा तो उसे भी जोड़कर उसका राशन कार्ड चालू कर देंगे।
बड़वानी को मिनी स्मार्ट सिटी बनाएंगे...
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि बड़वानी को मिनी स्मार्ट सिटी बनाएंगे। हाउसिंग बोर्ड की कालोनियों के साथ ही बड़वानी शहर का पूरा विकास करेंगे। आप नगरपालिका में भाजपा की सरकार बनाइए, बड़वानी की सभी सड़कें हम बना देंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बड़वानी की अवैध कालोनियों को वैध करने और जो कालोनियां पहले से वैद्य हैं, उनमें सड़क, बिजली, पानी की समस्या का पूर्ण समाधान करने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि बड़वानी में जहां भी मां नर्मदा का पानी नहीं पहुंचा है, वहां तक नर्मदा का पानी पहुंचाया जाएगा।
बड़वानी नगरपालिका अध्यक्ष के बारे में बोलते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने बताया कि बड़वानी नगरपालिका की कांग्रेस की अध्यक्ष पिछले पांच वर्षों में एक बार भी उनसे मिलने नहीं आईं। बता दें कि बड़वानी के झंडा चौक पर होने वाली इस सभा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रभारी मंत्री हरदीप सिंह डंग, पशुपालन मंत्री प्रेम सिंह पटेल के साथ ही राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी और सांसद गजेंद्र सिंह पटेल भी मौजूद थे।