पचमढ़ी में आयोजित चिंतन शिविर में शामिल सीएम।
- फोटो : सोशल मीडिया
पचमढ़ी में चिंतन बैठक प्रारंभ होने के पूर्व सांसद-विधायकों के प्रतिनिधिमंडल से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुलाकात की। सीएम ने कहा है कि सतपुड़ा अंचल के अनोखे पर्यटन स्थल पचमढ़ी को राष्ट्रीय ही नहीं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल में विकसित किया जा सकता है। इसके लिए संयुक्त प्रयास आवश्यक हैं। पचमढ़ी के पर्यटन विकास के लिए शासन, प्रशासन और आम जन के साथ जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री चौहान पचमढ़ी में सांसद राव उदय प्रताप सिंह, विधायक ठाकुर दास नागवंशी, माधव दास अग्रवाल, कमल धूत और अन्य जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे थे। जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री चौहान को पर्यटन विकास से संबंधित सुझाव भी दिए और स्थानीय स्तर पर संचालित पर्यटन विकास गतिविधियों से अवगत करवाया। सीएम चौहान ने कहा कि पचमढ़ी की जलवायु, पर्वतीय संरचना, वन्य जीवन और नैसर्गिक सौंदर्य अद्भुत है। इसलिए यहां जनकल्याण के उद्देश्य से उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। दो दिन से बैठक में राज्य मंत्री परिषद के सदस्यों के साथ गंभीर और सार्थक चर्चा हुई है। अनेक योजना के स्वरूप को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
सांसद राव उदय प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री को सतपुड़ा अंचल की एक तस्वीर भी भेंट की। मुख्यमंत्री चौहान ने चिंतन बैठक की कार्यवाही शुरू होने के पहले कुछ मीडिया प्रतिनिधियों और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों से भी बातचीत की।