मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के दाएं हाथ की उंगली का भोपाल के हमीदिया अस्पताल में ऑपरेशन हुआ। शनिवार को गांधी मेडिकल कॉलेज की डीन अरुणा कुमार ने बताया कि आज सुबह सीएम कमलानाथ हमीदिया अस्पताल में भर्ती हुए थे। उनकी उंगली में दर्द और जकड़न (ट्रिगर फिंगर) की समस्या थी। जिसके लिए उनका ऑपरेशन किया गया।
अरुणा कुमार ने बताया कि फिलहाल उनकी हालत सामान्य है। वह कुछ घंटों के लिए डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे उसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी। बता दें कि शुक्रवार देर शाम मुख्यमंत्री कमलनाथ जब राजधानी के सरकारी अस्पताल हमीदिया पहुंचे, तो अनुमान लगाया गया कि वे औचक निरीक्षण के लिए आए हैं।
बाद में यह साफ हुआ कि वह औचक निरीक्षण के लिए नहीं बल्कि चेकअप के लिए यहां आए हैं। डॉक्टरों ने सीएम का एक्सरे करने के बाद बताया कि हाथ की एक माइनर सर्जरी करनी पड़ेगी।
जांच कराने के बाद सीएम कमलनाथ ने अपील करते हुए कहा था कि मैं सामान्य मरीज की तरह ही यहां पर इलाज करा रहा हूं, इसलिए अस्पताल में उनसे कोई मिलने न आए ताकि अन्य मरीजों को दिक्कत न हो।
हमीदिया अस्पताल की तारीफ करते हुए सीएम ने कहा था कि हमीदिया बहुत अच्छा अस्पताल है। मैं देश के किसी भी अस्पताल में जा सकता था, लेकिन मैंने सरकारी हमीदिया अस्पताल को प्राथमिकता दी। इससे पहले पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने 2011 में यहां अपना इलाज कराया था।