मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ (फाइल फोटो)
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के अशोकनगर में मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए एक महिला के शव को कचरा गाड़ी में ले जाने की घटवा को मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मामले में लापरवाही बरतने वाले दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
इस घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बुधवार को ट्वीट किया, अशोकनगर में एक महिला के शव को शववाहन के स्थान पर कचरा गाड़ी व डंपर में ले जाने की घटना इंसानियत व मानवता को तार-तार कर देने वाली है। ऐसी घटनाएं व चित्र, दिल को झकझोर देते हैं, बर्दाश्त नहीं किए जा सकते हैं।
मृत महिला के पति नरेंद्र ओझा ने बताया कि 22 वर्षीय पूजा ने सोमवार रात को घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद पूजा के शव को अस्पताल ले जाने के लिये फोन लगाया तो अस्पताल की एंबुलेंस खराब होने की वजह से नगरपालिका की कचरा भरने की ट्रॉली पहुंची। जिसमें रखकर शव को अस्पताल ले जा रहे थे परंतु ओवरब्रिज पर ट्रॉली का बेरिंग टूटने से पहिया निकल गया। इसके बाद नगरपालिका का दूसरा वाहन डंपर आया जिसमें शव को रखकर अस्पताल पहुंचाया गया।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ अनुज रोहतगी ने कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी और जो जिम्मेदार होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील शिवहरे ने कहा कि महिला द्वारा आत्महत्या करने का मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, शिवहरे ने दावा किया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर शवों को उठाने के लिए ही काम में लिए जा रहे हैं। इनमें अब कचरा नहीं उठाया जाता है। उन्होंने कहा कि नगरपालिका कचरा उठाने के लिए मिनी ट्रकों का उपयोग करती है।