फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भोपाल में कोरोना से व्यक्ति की मौत, भाजपा नेता बोले- दिल्ली में इलाज के लिए पांच दिन तक भटका था मरीज

Mon, 08 Jun 2020 09:49 PM IST
गौरव पाण्डेय पीटीआई, भोपाल
विज्ञापन
मध्यप्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा - फोटो : ट्विटर
विज्ञापन

मध्यप्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने इलाज के लिए दिल्ली से अपने घर भोपाल आए एक मरीज की मृत्यु के लिए दिल्ली सरकार को दोषी ठहराया है। मिश्रा ने सोमवार को कहा कि वह इलाज के लिए पांच दिन तक दिल्ली में भटकता रहा, लेकिन वहां उसे इलाज नहीं मिला।

विज्ञापन


उक्त व्यक्ति दिल्ली में रहता था और वहां इलाज के लिए पांच दिन भटकने के बाद शनिवार सुबह ट्रेन से करीब 700 किलोमीटर दूर भोपाल पहुंचा था। इसके बाद वह भोपाल में एक सरकारी अस्पताल में कोरोना वायरस संक्रमित पाया गया था और उसकी रविवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि वह दिल्ली में एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भटकता रहा, लेकिन उसकी जांच नहीं की गई तब वह भोपाल आया था। इस घटना पर दुख जताते हुए मिश्रा ने कहा, 'मजबूरन में उसे दिल्ली से भोपाल इलाज के लिए आना पड़ा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उसकी मौत हो गई।’
विज्ञापन


मिश्रा ने कहा, 'यदि उसको समय पर दिल्ली में इलाज मिल जाता तो उसकी जान बच सकती थी।' उन्होंने कहा कि भोपाल लौटने के बाद उसकी हालत गंभीर होने के बाद भी मध्यप्रदेश सरकार ने उसे समुचित उपचार उपलब्ध कराकर बचाने के सभी प्रयास किए, लेकिन अत्यधिक विलंब हो जाने कारण नहीं बचाया जा सका।

मिश्रा ने अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा, 'केजरीवाल सरकार सिर्फ बातें कर रही है। यदि काम कर रही होती तो इस प्रकार से मरीज को दिल्ली में इलाज करवाने के लिए पांच दिन अस्पतालों में भटकना नहीं पड़ता।' मिश्रा ने कहा कि चाहे दिल्ली हो या मुंबई हो, आज इनके पास मरीजों को रखने के लिए जगह नहीं है।

उन्होंने कहा, 'पहली बार देश को केजरीवाल की आवश्यकता पड़ी है। वह मोहल्ला क्लीनिक एवं स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाने की बातें करते हैं। लेकिन जब परीक्षा की घड़ी आई तो स्थिति ये है कि एक होनहार ने दम तोड़ दिया, क्योंकि दिल्ली में पांच दिन भटकता रहा। इलाज नहीं मिला और भटकता-भटकता भोपाल आया।'

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें