मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं, ऐसे में चुनाव आयोग के लिए मतदाताओं के सत्यापन से संबंधित सभी काम वक्त पर पूरा करना बेहद जरूरी है। लेकिन रीवा जिले से एक बेहद ही अजीब मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां सत्यापन कार्य के दौरान महिला वोटरों के साथ एक गड़बड़ी हुई है। उनके नाम के रिकॉर्ड में कई गलतियां हैं, इसमें पिता का नाम पति के स्थान पर जोड़ा गया है तो कुछ में पति का नाम पिता के नाम की जगह जोड़ा गया है।
इस गड़बड़ी के बारे में पता चलते ही निर्वाचन शाखा की देखरेख करने वाली रीवा एडीएम ने इन गलतियों को सुधारने के निर्देश जारी कर दिए हैं। उनका कहना है कि उक्त निर्वाचन नामावली के प्रकाशन से पहले ही ये गलतियां ठीक कर ली जाएंगी। इस जिले में 8 विधानसभाएं हैं। करीब 9 हजार महिलाओं के वोटर कार्ड में ये गलतियां हैं। कई में तो एक ही महिला को दो विधानसभाओं का मतदाता बताया गया है। इस गलती के पीछे की वजह सॉप्तवेयर में कमी बताई जा रही है जो पिता को पति और पति को पिता बता रहा है।
इसके पीछे का एक अन्य कारण है कि सरकार कलर्ड पहचान पत्र के साथ ही उसे स्मार्टकार्ड के रूप में भी दे रही है। जिस कारण वह वोटर जिनके पास पहले से ही वोटर कार्ड हैं वह भी स्मार्टकार्ड वाले कलर्ड पहचान पत्र के लिए आवेदन कर रहे हैं। ऐसे में आवेदकों की संख्या 34 हजार के करीब हो गई है। एडीएम का कहना है कि नामावली को क्रास चेक करने के साथ ही प्रकाशन की प्रक्रिया तक पहुंचाने के लिए काम हो रहा है।