मंत्रालय में मंत्री समूह की बैठक आयोजित हुई
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश में बियर और शराब सस्ती होगी। गुरुवार को गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मंत्री समूह ने तय किया है कि बियर पर आयात शुल्क घटाने संबंधी सहमति पर प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट को भेजा जाएगा।
मध्य प्रदेश की आबकारी नीति 2022-23 को लेकर मंत्री समूह की गुरुवार को बैठक मंत्रालय में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आबकारी और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा और नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह मौजूद रहे। डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि मंत्री समूह ने बियर पर आयात शुल्क प्रति बल्क लीटर 30 रुपये से घटाकर 20 रुपये करने और वाइन पर भी आयात शुल्क को 10 रुपये प्रति प्रूफ लीटर से घटाकर 5 रुपये प्रति प्रूफ लीटर करने संबंधी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश प्रमुख सचिव आबकारी दीपाली रस्तोगी को दिए हैं।
बता दें, इससे पहले मंगलवार को मंत्री समूह की बैठक हुई थी। इसमें मंत्री समूह ने बियर और शराब पर आयात शुल्क घटाने का निर्णय लिया था। जिस पर अंतिम निर्णय गुरुवार को होने वाली बैठक में लेने की बात कही गई थी। गुरुवार की बैठक में मंगलवार को बनी सहमति का प्रस्ताव बनाकर कैबिनेट को भेजने के आदेश मंत्री समूह ने अधिकारियों को दिए है।