मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार जोर पकड़ चुका है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज विदिशा में जनसभा की। इस दौरान उन्होंने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। खासकर राफेल मामले को लेकर राहुल ने पीएम नरेंद्र मोदी को घेरते हुए कई सवाल उठाए। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि इस बार राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने किसानों का कर्ज 10 दिन के भीतर माफ करने की बात कही। क्या-क्या कहा राहुल ने पढ़ें-
राहुल का भाषण
-भाजपा की सभी योजनाएं फेल हैं, किसी भी युवा को योजनाओं का लाभ नहीं मिला है।
-किसानों की कर्जमाफी पर पीएम मौन रहते हैं। अगर कांग्रेस की सरकार आई तो किसानों का कर्ज 10 दिन में माफ होगा।
-आपका पैसा ऊपर से नीचे तक चोरी हो रहा है।
-यूपीए सरकार कहती है कि 126 हवाई जहाज की जरूरत है। एयरफोर्स ने कहा कि राफेल सबसे बेहतर हवाई जहाज है। मनमोहन जी ने कहा कि सही बात है, कम से कम दाम में खरीदा जाएगा।
एयरफोर्स के लोग फ्रांस गए, लंबी बातचीत हुई। एयरफोर्स ने कहा कि एक विमान 526 करोड़ में एक खरीदा जाएगा और इसे एचएएल बनाएगा, इससे रोजगार मिलेगा।
-नरेंद्र मोदी पीएम बनते हैं, कुछ दिन बाद वह फ्रांस जाते हैं, उनके मित्र अनिल अंबानी डेलीगेशन में जाते हैं, पता नहीं किससे बातचीत होती है, मोदीजी नया कांट्रैक्ट साइन करते हैं। 126 नहीं 36 हवाई का सौदा तय होता है। एक हवाई जहाज का दाम 1600 करोड़ रुपये तय होता है, एचएएल को परे करते हैं। जादू से अनिल अंबानी को कांट्रैक्ट मिल जाता है।
-एचएएल सालों से प्लेन बना रहा है, करगिल में बम गिराए इसी विमान ने गिराए थे। इस कंपनी को परे किया, जिंदगी में अनिल अंबानी ने कोई हवाई जहाज नहीं बनाया था उन्हें कांट्रैक्ट मिला।
-अनिल अंबानी पर 45 हजार करोड़ रुपये का अनिल का कर्ज है। अनिल अंबानी बैंकों से लिए पैसे वापस नहीं देते, मोदी जी उसे एनपीए कहते हैं। अनिल अंबानी को कांट्रैक्ट दिया जाता है।
-फ्रांस के राष्ट्रपति कहते हैं कि हमें तो नरेंद्र मोदी जी ने मीटिंग में कह दिया था कि भारत 1600 करोड़ में विमान भारत खरीदेगा, एचएल को देने की जरूरत नहीं, विमान फ्रांस में बनेगा, मगर कांट्रैक्ट अनिल अंबानी को जाएगा।
-30 हजार करोड़ रुपये का फायदा नरेंद्र मोदी जी ने अकेले अनिल अंबानी को कराया।
-रक्षा मंत्री कहते हैं मैंने काट्रैक्ट नहीं बदला, मुझे तो मालूम ही नहीं था, ये तो पीएम ने खुद किया है।
-सीबीआई के डायरेक्टर राफेल पर जांच शुरू करने जा रहे थे, रात 2 बजे सीबीआई डायरेक्टर को ही सीबीआई से हटाकर फेंक दिया।
-मोदी जी को मालूम है कि जिस दिन जांच शुरू हो गई तो न सुषमा, न गडकरी और न ही एयरफोर्स का नाम सामने आएगा, सिर्फ दो नाम अएंगे नरेंद्र मोदी और अनिल अंबानी।
-हर भाषण में मोदी जी करप्शन, किसान, रोजगार की बातें करते थे, अब उनके भाषण सुनिए, वह अब इन पर बात नहीं करते हैं।
-पूरा देश समझता है कि मोदी जी जो कहते हैं उसमें कोई दम नहीं है, जहां जाते हैं झूठ बोल जाते हैं, खोखले वायदे करते हैं।
-आप देख लेना एमपी में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। कांग्रेस राज्य को 5 साल के भीतर कृषि का केंद्र बना देगी।
'बीता हुआ कल हैं शिवराज'
मुख्यमंत्री शिवराज के विधानसभा क्षेत्र में गरजते हुए राहुल ने कहा कि अरुण यादव के पास आम जनता की आवाज है। शिवरा बीता हुआ कल हैं और अरुण यादव प्रदेश का भविष्य।
शिवराज के बेटे कार्तिकेय ने कुछ दिन पहले राहुल पर मानहानि का मुकदमा ठोका था। राहुल ने इसका जिक्र करते हुए कहा, "कुछ दिन पहले मैंने गलती से शिवराज जी के बेटे का नाम पनामा पेपर्स मे ले लिया था। उन्होंने तुरंत मानहानि का केस कर दिया। जब मैं व्यापम, ई-टेंडरिंग, अवैध खनन और मिड-डे मील के बारे में बात करता हूं तो मानहानि केस नहीं करते। यानी, इनमें कुछ सच्चाई है"