छत्तीसगढ़ के बाद अमर उजाला का चुनावी रथ मध्यप्रदेश पहुंच चुका है। अमर उजाला आपको बता रहा है मध्यप्रदेश के जमीनी हालात और उन विषयों के बारे में जो इस बार चुनावी मुद्दे हैं। संवाददाता वैभव कुमार बता रहे हैं यहां के सियासी हालात। टी वैली प्रायोजित अमर उजाला के खास लाइव कार्यक्रम सत्ता के सेमीफाइनल में जानिए कि मध्यप्रदेश के मंडला में इस बार कैसे हैं सियासी हालात।
छत्तीसगढ़ में अमर उजाला ने रायगढ़, दुर्ग, कोरबा, जांजगीर और महासमुंद का दौरा कर यहां का जायजा लिया। यहां सड़क, पानी, प्रदूषण, रोजगार जैसे प्रमुख मुद्दे नजर आए। अब अमर उजाला का
चुनावी रथ मध्यप्रदेश पहुंचा है जहां पिछले 15 साल से भाजपा की सरकार है।
हमारी शुरुआत मंडला से हो रही है। बात करें अगर मंडला की तो हमारे संवाददाता ने बताया कि यहां की जनता अपने प्रतिनिधियों से काफी हद तक संतुष्ट नजर आती है। जनता के सवालों और नेताओं के जवाब का सिलसिला शुक्रवार को मंडला से फिर शुरू होगा। आम जनता अपनी बात रखना चाहती है। उनका प्रमुख मुद्दा रोजगार का है। इसके अलावा सड़क भी बहुत बड़ा मुद्दा है।
राहुल ने यहां प्रचार का पूरा बीड़ा उठा रखा है ऐसे में वो ही इस राज्य में कांग्रेस का प्रमुख चेहरा बने हुए हैं। हाल ही में उन्होंने मध्यप्रदेश का दो बार दौरा किया। उन्होंने मंदिरों के दर्शन किए, लोगों से सीधे रूबरू हुए और अपनी सभाओं में शिवराज सरकार के साथ मोदी सरकार पर भी तीखे हमले बोले।
सर्वे में जनता शिवराज सरकार से बहुत नाराज नहीं दिख रही है। उनके सामने 15 साल पुरानी भाजपा की सत्ता को बचाए रखने की चुनौती है। कांग्रेस को इस बार भी शिवराज की लोकप्रियता से जूझना होगा।
चुनावी रथ इंदौर, ग्वालियर सहित सभी प्रमुख शहरों का दौरा करेगा और लोगों से उनकी राय लेगा। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों से भी बातचीत और सवाल-जवाब का दौर जारी रहेगा। इसकी शुरुआत होगी नर्मदा तट पर बसे मंडला से।