मध्यप्रदेश के सतना के अमर पाटन थाना क्षेत्र से एक बच्चे को अपहरण कर लिया गया था। मामला चोरहटा गांव का है जहां शुक्रवार को एक 13 वर्षीय बच्चे का अपहरण कर बच्चे की हत्या कर दी। हत्या के बाद अपहरणकर्ताओं ने बच्चे के पिता से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी।
पुलिस ने बच्चे का शव कुएं से बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि 16 अगस्त को बच्चा जब घर से बाहर खेलने के लिए निकाल था तभी उसका अपहरण कर लिया गया जिसके बाद अपहरणकर्ताओं ने उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद बच्चे के पिता को फिरौती के लिए फोन किया गया।
पुलिस के अनुसार अपहरण किए गए बच्चे का नाम विकास प्रजापित था। विकास के पिता ने बताया कि विकास 16 अगस्त को दोपहर घर से खेलने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। जिसके बाद हमने उसे ढूढ़ा लेकिन वह नहीं मिला।
पुलिस ने बताया कि 17 अगस्त को बच्चे के पिता के मोबाइल पर अज्ञात शख्स का फोन आया। उसने पुलिस को खबर नहीं करने की चेतावनी देते हुए बच्चे की रिहाई के लिए 10 लाख फिरौती मांगी। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है।
इस मामले की जानकारी मिलते ही सूबे के पूर्व मु्ख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर लिखा कि सतना में मासूम की अपहरण बाद हत्या की घटना हृदय विदारक है। आत्मा हिल गई। पहले भी सतना में दो मासूम भाइयों की अपहरण के बाद हत्या हुई थी, लेकिन सरकार उसके बाद भी नहीं चेती। प्रदेश में कानून-व्यवस्था कहीं नहीं है। सरकार अब तो आंखें खोलो। कितने माता-पिता के बच्चे ऐसे छिनते रहेंगे?