मध्यप्रदेश के सागर जिले में 118 वर्षीय वृद्ध महिला ने कोविड-19 रोधी टीके की पहली खुराक ली। महिला ने टीका लगने के बाद लोगों से टीका लगवाने की अपील की।
सागर जिले के खिमलासा क्षेत्र में एक टीकाकरण केंद्र में कोविड-19 टीके की पहली खुराक लेने के बाद तुलसीबाई ने शनिवार को बुंदेली भाषा में कहा, टीका लगवाने से कोई दिक्कत नहीं हुई, जैसे मैंने लगवाया वैसे आप भी लगवाओ, तभी संक्रमण जाएगा। तुलसीबाई संभवत: कोरोना रोधी टीका लगवाने वाली भारत की सबसे बुजुर्ग महिला हैं।
बता दें मध्यप्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि हमारे पड़ोसी राज्यों में स्थिति बहुत बुरी है, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में स्थिति संकटपूर्ण है। हमने महाराष्ट्र की सीमा को सील किया है और छत्तीसगढ़ से आने-जाने पर भी प्रतिबंध लगेगा।
महाराष्ट्र से सटे जिलों में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए अब मालवाहक, आवश्यक सेवा और आपातकालीन आवाजाही को ही अनुमति दी गई है। शिवराज सिंह चौहान ने कोरोना की स्थिति को लेकर की समीक्षा बैठक के बाद कहा कि राज्य में सभी लोगों का मास्क पहनना बेहद जरूरी है।