IPO के खिलाफ LIC के कर्मचारी करेंगे हड़ताल।
- फोटो : अमर उजाला
सीहोर में एलआईसी कर्मचारी बुधवार को आईपीओ के खिलाफ हड़ताल करेंगे। यूनियन के अध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार अनावश्यक रूप से एलआईसी का आईपीओ लेकर आ रही है, आईपीओ के विषय में आधार पूंजी को बढ़ाने एवं कंपनी की जरूरत के हिसाब से आईपीओ लाया जाता है। लेकिन यहां पर सरकार एलआईसी का आईपीओ लाकर अपने बजट घाटे को दूर करना चाहती है। साथ ही एलआईसी के आईपीओ के माध्यम से विदेशियों को भी शेयर बेचे जाएंगे। निजी हाथों में एलआईसी के शेयर जाने पर पॉलिसी धारकों के हितों पर विपरीत असर पड़ेगा। यदि हम वास्तविक रूप से देखें तो एलआईसी का आईपीओ देश की आम जनता की गाढ़ी कमाई को कुछ पूंजीपतियों के हाथों में सौंपने का निर्णय है। इसके माध्यम से एलआईसी को निजी क्षेत्र में ले जाने का सरकार भरपूर प्रयास कर रही है।
आईपीओ के खिलाफ 4 मई को एलआईसी कर्मचारी 2 घंटे की हड़ताल करेंगे। हड़ताल के माध्यम से सरकार को आईपीओ को वापस लिए जाने की मांग की गई है। इकाई के सचिव गणेश प्रसाद ने कहा कि सरकार आईपीओ लाकर देश के हितों पर कुठाराघात करने का काम कर रही है । देश की संपत्ति को निजी हाथ में सौंपने के निर्णय से आम जनता को भारी नुकसान होगा। राष्ट्रवादी सरकार राष्ट्र की संपत्ति को बेच रही है हम सब इसका घनघोर विरोध करते हैं।