पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया, लेकिन जब लड़की दो दिन तक लापता रही तो 24 मार्च को उसके घर वाले एसपी ऑफिस पहुंच गए और बच्ची को खोजने की गुहार लगाई। एसपी को परिजनों ने बताया कि 22 मार्च को सिविल लाइन थाना क्षेत्र में उन्होंने अपनी 20 साल की बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
एसपी के सामने भी परिजनों ने लड़की की दोस्त पर अपहरण करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शिकायत के दो दिन बाद तक लड़की का कोई पता नहीं चल सका है। गुमशुदा लड़की के पिता ने कहा कि मेरी बेटी दो दिन से लापता है। उसकी सहेली लड़की उसे कोचिंग से ले गई। वहीं लड़की की मां ने आरोप लगाया कि एसपी साहब बोल रहे हैं जांच करवा रहे हैं लेकिन पुलिस से अभी तक कोई मदद नहीं मिली है।
इसके बाद पुलिस ने बुधवार शाम को लड़की को सही सलामत खोज निकाला। एडिशनल एसपी विक्रम कुशवाहा का कहना है कि लड़की को बरामद कर लिया गया है और अब उससे आगे की कार्रवाई के लिए पूछताछ की जा रही है। पुलिस को जानकारी मिली है कि दोनों लड़कियां समलैंगिक हैं और दोनों सहमति के आधार पर एक-दूसरे के साथ भागी थीं।