तीनों शवों का हुआ अंतिम संस्कार
- फोटो : अमर उजाला
दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरान गांव में माता-पिता सहित पुत्र की हत्या के बाद पूरे गांव में मातम फैला है। गांव पुलिस छावनी में तब्दील है। शाम को पुलिस की मौजूदगी में तीनों शवों के पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। इसके बाद तीन अलग वाहनों में शव देवरान गांव पहुंचे, जहां अंतिम संस्कार के लिए परिजनों और पुलिस प्रशासन द्वारा श्मशान घाट ले जाया गया और अंतिम संस्कार कराया गया।
अंतिम संस्कार में एसपी डीआर तेनीवार, एएसपी शिवकुमार, सीएसपी अभिषेक तिवारी, नायब तहसीलदार महेंद्र प्रताप उदैनिया, डीएसपी एजेके एसपी शुक्ला, रामअवतार पांडेय, गरिमा मिश्रा, बद्री प्यासी सहित पुलिस बल मौजूद रहे। पुलिस आरोपियों की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है।
वहीं, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी दमोह जिले में हुए ट्रिपल मर्डर की निंदा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर कहा, मध्यप्रदेश में दलित और आदिवासी समाज पर अत्याचार जारी है। इसकी जितनी निंदा की जाए, उतनी ही कम है।