आयकर विभाग की छापेमारी से चर्चा में राजेंद्र कुमार मिगलानी ओर प्रवीण कक्कड़ को वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ का करीबी माना जाता है। मिगलानी विगत तीन दशकों से भी ज्यादा वक्त से उनका पूरा काम संभाल रहे हैं। कमलनाथ ने मुख्यमंत्री बनते ही उन्हें अपना सलाहकार नियुक्त किया था लेकिन चुनाव आचार संहिता के चलते इस्तीफा देना पड़ा। हालांकि वह कमलनाथ के सहयोगी की भूमिका में अब भी हैं।
छापे की जब कार्रवाई हुई तब मुख्यमंत्री कमलनाथ छिंदवाड़ा में थे। मिगलानी भी उनके साथ थे। सुबह वे होशंगाबाद गए और वहां अग्निकांड से प्रभावित किसानों व ग्रामीणों से मुलाकात की। आयकर छापों के बारे में उन्होंने कहा कि मुझे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।
कांग्रेस ने मोदी सरकार पर विरोधियों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता माणक अग्रवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले बदले की भावना से यह छापेमारी की गई है। चुनाव को प्रभावित करने के लिए मोदी सरकार ऐसा करेगी तो केंद्र में कांग्रेस सरकार बनने के बाद अमित शाह के साथ भी ऐसा ही होगा।
भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के निज सचिव के घर से आयकर विभाग के छापे में करोड़ों की काली कमाई बरामद हुई। इससे एक बात तो साफ हो गई, जो चोर हैं उन्हें ही चौकीदार से शिकायत है।