बकरी चोर समझकर दो लोगों को खंभे से बांधकर पीटा गया।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के खरगोन में कुछ लोगों को खंभे से बांधकर पिटाई करने का मामला सामने आया है। कुछ लोग जंगल से चिंकारा प्रजाति के हिरण का शिकार कर लौट रहे थे। रास्ते में ग्रामीणों ने उन्हें बकरी चोर समझ कर पकड़ लिया और उनकी खंबे से बांध कर पिटाई कर दी। ग्रामीणों ने इस पूरी पिटाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इधर पुलिस मौके पर पहुंची और खंभे से बंधे लोगों को छुड़वाकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। साथ ही मारपीट के चलते ग्रामीणों पर मुकदमा भी दर्ज किया गया। शिकारियों पर वन्य प्राणी के शिकार मामले में वन विभाग ने भी मामला दर्ज किया है।
खरगोन जिले के गोगावा थाना क्षेत्र में पड़ने वाले ग्राम जामन्या में शनिवार के दिन ग्रामीणों ने कुछ लोगों की खंभे से बांधकर पिटाई कर दी। ग्रामीणों को शंका थी कि यह लोग बकरी चोरी करने गांव में आए हैं। इसी के चलते उन्होंने शिकार कर लौट रहे लोगों को रोककर एक खंभे से बांध दिया और उसके बाद उनकी खूब पिटाई की। मामले में गोगावां चौकी प्रभारी प्रवीण आर्य ने बताया कि उन्हें शनिवार तड़के करीब पांच बजे सूचना मिली थी कि कुछ लोग बकरी चोरों को पकड़कर पीट रहे हैं। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने पर वहां एक हिरण मृत पाया गया, जिसकी जानकारी जुटाने पर मालूम चला कि कुछ लोग शिकार करके वापस आ रहे थे। उनको लोगों ने बकरी चोर समझ कर रोका और उनके साथ मारपीट भी की है, जैसा वायरल वीडियो में दिख रहा है। उसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से शिकारियों को छुड़ाया और अस्पताल भिजवाया। साथ ही चिंकारा जैसे सुरक्षित वन्य प्राणी का शिकार करने के चलते वन विभाग को सूचना दी गई। वन विभाग ने भी इसमें अपनी तरफ से वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने भी शिकारियों से मारपीट करने के मामले में 7 से 8 ग्रामीण के खिलाफ अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया है। पकड़े गए शिकारियों के नाम मोहन पिता फुनदिया और राकेश पिता डेमा हैं। दोनों भगवानपुरा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पकड़े गए आरोपियों से फिलहाल वन विभाग और पुलिस टीम की संयुक्त पूछताछ जारी है, जिसके बाद सोमवार को इन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।