जन आक्रोश यात्रा में संबोधित करते पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश में इन दिनों मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस सत्ता पक्ष के खिलाफ जन आक्रोश यात्रा निकाल रही है। कांग्रेसियों द्वारा निकाली जा रही ऐसी ही एक जनाक्रोश यात्रा के खरगोन जिले में पहुंचने पर प्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री और विधायक सचिन यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ बाइक रैली भी निकाली। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोला।
इसके बाद कृषि मंडी के मैदान में हुई आमसभा में पूर्व मंत्री यादव के साथ ही यूथ कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने भाजपा सरकार को किसान और गरीब विरोधी सरकार बताते हुए भाजपा के भ्रष्टाचार पर जमकर हल्ला बोला। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जन आक्रोश यात्रा के जरिए प्रदेश की भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया। बता दें कि निमाड़ और मालवा अंचल की लगभग 35 विधानसभा क्षेत्रों से कांग्रेस की जनाक्रोश यात्रा निकाली जा रही है।
खरगोन के कसरावद में कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा पहुंचने पर यहां के मंडी प्रांगण में एक जनसभा हुई। इस दौरान युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने सत्ता पक्ष पर हल्ला बोलते हुए कहा कि भाजपा के राज में अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के साथ ही महिलाओं पर सर्वाधिक अत्याचार की घटनाएं हुई हैं। शिवराज सरकार ने हर वर्ग के साथ वादा खिलाफी कर प्रदेशवासियों के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कमलनाथ की सरकार के राज में देश के सबसे युवा कृषि मंत्री रहे कसरावद के लोकप्रिय विधायक सचिन यादव ने किसानों का कर्जा माफ किया था। भूरिया ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ता एकजुट होकर भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।
मंच से बोलते हुए पूर्व कृषि मंत्री और विधायक सचिन यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार किसान और गरीब विरोधी है। भारी बरसात के कारण किसानों की फसलें चौपट हो गई हैं। वहीं गरीबों के आशियाने उजड़ गए हैं। उन्हें अपने भरण पोषण के लिए भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों और गरीबों की मदद करने में शासन प्रशासन नकारा साबित हुआ है। अभी तक सर्वे दल भी गठित नहीं हो पाए हैं। सर्वे के बिना गरीबों और किसानों को मदद भी नहीं मिल पा रही है। यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि गरीबों और किसानों को तत्काल सहायता राशि, मुआवजा राशि देकर उनके भरण पोषण की व्यवस्था शासन प्रशासन करे, अन्यथा उग्र आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस के खरगोन जिला प्रभारी जयसिंह ने कहा कि निमाड़ अंचल के साथ ही कसरावद क्षेत्र के विकास में सुभाष यादव के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता वहीं महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल ने कहा कि आने वाले चुनाव में 50 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार से मुक्ति दिलाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता आज से ही मैदान में सक्रिय होकर भाजपा सरकार को उखाड़ फेकें।