सार
MP News: जिले में साइबर ठगों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करते हुए अनूठे तरीके से ठगी को अंजाम दिया है। यहां के पेट्रोल पंप व्यवसायी को साइबर ठगों ने व्हाट्सएप कॉलिंग पर इंदौर में पढ़ रही उनकी बेटी के चीखने चिल्लाने की आवाजें सुनाई और उसे दो सहेलियों के साथ सीबीआई के द्वारा गिरफ्तार करना बताया। वहीं इस मामले को रफा दफा करने के लिए इन ठगों ने पचास हजार रुपये की मांग की, जिसे पूरा कर दिया गया।
रोती-बिलखती बेटी की आवाज सुनाकर ठगी
- फोटो : अमर उजाला
खरगोन नगर के एक पेट्रोल पंप संचालक श्याम भंडारी के परिवार को उनकी इंदौर के हॉस्टल में रह रही बेटी को सहलियों संग सीबीआई के द्वारा गिरफ्तार करने का बताते हुए व्हाट्सएप कॉलिंग कर पहले तो डराया गया, जिसके बाद मामले को रफा दफा करने के नाम पर उनसे रुपये मांगे गये। शातिर बदमाश इस दौरान बेटी की माता ममता और पिता श्याम भंडारी से करीब ढाई घन्टे तक व्हाट्सएप कालिंग के जरिये बात करते रहे। वहीं टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से उन्हें बेटी की आवाज का वाइस क्लोन कर उसके चीखने चिल्लाने की आवाज सुना कर डराते भी रहे। जिस पर परिवार ने बेटी की रिहाई के लिए मांगे गए 50 हजार रूपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिये। हालांकि बदमाश इसके बाद सीबीआई के नाम पर और भी पैसे मांगते रहे। जिससे परिवार को धोखाधड़ी की आशंका हुई और उन्होंने अपने स्थानीय रिश्तेदारों को होस्टल भेजकर बेटी की जानकारी ली तो पूरे मामले का खुलासा हो गया।
पीड़ित ने दी जानकारी
वहीं व्यवसायी की पत्नी ममता भंडारी ने बताया कि सुबह-सुबह उनके पास व्हाट्सएप कॉल आया था और उन्होंने बताया कि हम सीबीआई से बोल रहे हैं और आपकी बेटी ने सहेलियों संग मिलकर किसी के साथ फ्रॉड किया है। इतना सुनते ही मेरी हालत खराब हो गई और मैंने उनसे पूछा कि सर क्या करना है आप बताओ, हम आपसे आकर मिल लेते हैं। तब वह बोले हम जैसा बताएं वैसा वैसा करते जाना और आपकी बेटी ने अभी तक गुनाह कबूल नहीं किया है और वह बता रही है कि वह अच्छी फैमिली से है। हम उसको अलग से रिहा कर देंगे, आप मिलो मत और बताओ आपके पास कितना पैसा निकल आएगा और कितने जेवर निकल आएंगे। फिर वे अकाउंट में पचास हजार रुपये डालने का बोलने लगे, और इस दौरान उन्होंने ढाई घंटे तक मोबाइल चालू रखा और मुझे किसी से बात करने को मना कर दिया। जिस पर मैंने अरेंज करके उनको ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कर दिए। पैसे डालने के बाद वह फिर से बोलने लगे और पैसे डालो तब छोड़ेंगे। इस बीच परिवार वालों को जानकारी हो गई और फिर बेटी का मालूम किया तो वह अपने रूम में आराम से सोते हुई मिली।
फोन पर सुनाई बेटी के चीखने की आवाजें
वहीं ममता ने बताया कि ठगों का जैसे ही फोन आया था, मैंने तुरंत अपनी बेटी को फोन लगाया। तब उन्होंने मुझसे कहा कि आप क्या कर रहे हो, बेटी को फोन क्यों लगा रहे हो। उसका फोन डीआईजी साहब के पास है। जबकि बेटी नींद में होने के चलते फोन नहीं उठा पाई और इस दौरान उन्होंने बेटी के चीखने की बहुत आवाजें मुझे सुनाई, जिसे सुनकर मैं घबरा गई और उन पर यकीन कर लिया।
पीड़ितों ने की लोगों से सतर्क रहने की अपील
मामले का खुलासा होते ही पीड़ित भंडारी परिवार ने इन्दौर क्राइम ब्रांच में इसकी शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस के पास भी वाइस क्लोन से वारदात करने का यह अनोखा मामला पहुंचा है। इन्दौर क्राइम ब्रांच पुलिस मामले की तफ्तीश करने में जुट गई है। इधर इस गंभीर मामले के बाद पीड़ित परिवार भी आमलोगों से अपील कर रहा है की वे बढ़ते हुए साइबर क्राइम से सतर्क रहें और इस तरह किसी फ्रॉड के बहकावे में ना आये तो वहीं बिना कन्फर्म किये कोई भी पैसा ऑनलाइन ट्रांसफर ना करे।