सार
बड़वाह पुलिस ने सूने मकानों और दुकान में हुई चोरी का खुलासा कर 90 लाख रुपये का सोना, चांदी, नकदी और स्कूटी बरामद की। सीसीटीवी व मुखबिर की मदद से दो शातिर आरोपियों और एक विधि विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया गया।
मामले की जानकारी देते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बड़वाह पुलिस ने सूने मकानों और एक दुकान में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए लगभग 90 लाख रुपये मूल्य का सोना-चांदी, नकदी और अन्य सामान बरामद किया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने दो शातिर आरोपियों और एक विधि विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा ने जिले में चोरी और लूट की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए। इसके तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शकुन्तला रुहल के मार्गदर्शन और एसडीओपी बड़वाह अर्चना रावत के निर्देशन में थाना बड़वाह पुलिस ने यह कार्रवाई की।
दो बड़ी चोरी की घटनाएं आई थीं सामने
पहली घटना 30 जनवरी 2026 को सामने आई जब फरियादी अरुण, निवासी विनोबा मार्ग बड़वाह ने थाना बड़वाह में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे अपनी माताजी के इलाज के लिए बाहर गए थे। इस दौरान 26 से 29 जनवरी के बीच अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान से करीब 370 ग्राम सोना, पांच किलो चांदी, लैपटॉप और अन्य सामान चोरी कर लिया। इस मामले में अपराध दर्ज किया गया। दूसरी घटना 1 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात की है, जब हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी खुश्याल की बिल्डिंग मटेरियल दुकान से बदमाशों ने पीछे का ताला तोड़कर लगभग 30 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। इस पर अपराध दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें- नागपुर AIIMS में मासूम ने तोड़ा दम, कफ सिरप ने फेल कर दी थीं दोनों किडनियां
आरोपियों की निशानदेही हुई बरामदगी
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी बड़वाह बलराम सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज एकत्र कर करीब 48 घंटे तक उनका बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने एक 16 वर्षीय विधि विरुद्ध बालक को संदिग्ध के रूप में चिन्हित किया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया सोना-चांदी, नकदी और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की, जिसे कचरे के ढेर में छुपाकर रखा गया था। पुलिस ने 300 ग्राम सोने के बार, 5 किलो चांदी के बार, सोने के आभूषण, 28 हजार 550 रुपये नकद और स्कूटी सहित कुल 90 लाख रुपये जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों पर पूर्व से भी चोरी व मारपीट जैसे अपराध दर्ज होना पाया गया है। इस सफल कार्रवाई में थाना बड़वाह पुलिस, थाना सनावद पुलिस एवं साइबर सेल टीम का विशेष योगदान रहा।