खरगोन जिले के बरुड थाना क्षेत्र के ग्राम बरुड स्थित हरि मुक्तिधाम में युवक की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने सात दिन के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके तीन साथी अभी फरार हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी खाद चोरी की नीयत से सोसायटी पहुंचे थे। इसी दौरान मृतक से विवाद होने पर आरोपियों ने पत्थरों और पेवर ब्लॉक के टुकड़ों से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार 25 जुलाई 2026 को हरि मुक्तिधाम परिसर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो पता चला कि मृतक पर बेहद निर्ममता से हमला किया गया था। पहले श्मशान घाट के मुख्य द्वार के पास बनी सीमेंट की बेंच पर उसके सिर पर पत्थर से वार किया गया, फिर घायल अवस्था में उसे घसीटकर अंदर ले जाया गया और दोबारा हमला किया गया। इसके बाद शव को करीब 150 मीटर दूर अंतिम संस्कार स्थल के पास छोड़ दिया गया।
जांच के दौरान मृतक की पहचान धर्मेंद्र पिता सोनपाल जाटव (36) निवासी कम्बोह मोहल्ला, मरेहरा, जिला एटा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर फ्रैक्चर और अत्यधिक रक्तस्राव को मौत का कारण बताया गया, जिसके आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
ये भी पढ़ें-
Datia UpChunav Result 2026: क्या भाजपा को अपना ही दांव पड़ गया उलटा? कांग्रेस के लिए इस जीत के क्या हैं मायने
पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बिट्टू सहगल और एसडीओपी सौरभ तोमर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक इलापसिंह मुजाल्दे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। एफएसएल, फिंगरप्रिंट, साइबर सेल, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल और आसपास के साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस ने विक्रम पिता तिखिया भुरिया (35) निवासी कांकड़ फालिया, ग्राम सिलोटिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ में आरोपी ने अपने तीन साथियों के साथ हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 24-25 जुलाई की रात वह अपने तीन साथियों के साथ सोसायटी से खाद चोरी करने आया था। श्मशान घाट के मुख्य गेट के पास एक व्यक्ति बैठा मिला। आरोपियों ने उसे वहां से हटने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माना और विवाद शुरू हो गया। गुस्से में चारों ने मिलकर उसके सिर पर पत्थरों और पेवर ब्लॉक के टुकड़ों से लगातार हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद शव को घसीटकर श्मशान घाट परिसर के अंदर छोड़कर सभी आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपी विक्रम भूरिया को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पहले से लूट, चोरी और अवैध हथियार तस्करी के मामले दर्ज हैं। पुलिस फरार तीन आरोपियों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।