वृद्ध महिला के साथ एसटीएफ जवान।
- फोटो : अमर उजाला
खरगोन उपद्रव के दौरान एक एसटीएफ जवान ने मानवता की मिसाल पेश की। उनके प्रशंसनीय कार्य का वीडियो सोशल मीडिया में काफी वायरल हो रहा है। दरअसल उज्जैन 32वीं बटालियन के जवान राकेश विश्वकर्मा रामनवमी पर खरगोन में हुए दंगे के दौरान वहां ड्यूटी में तैनात थे। वे आनंदनगर क्षेत्र में अपनी ड्यूटी कर रहे थे, इसी दौरान उन्हें रविवार को तपती दोपहर में दो दिनों से भूखी 75 वर्षीय वृद्धा भुवानी दिखीं, जो अपने घर का पता भूल चुकी थीं। एसटीएफ के जवानों की नजर अस्पताल से आ रही वृद्धा पर पड़ी तो जवान ने वृद्धा के पास जाकर उन्हें छांव में बैठाया और पानी पिलाया। जवान ने भूखी वृद्ध महिला को स्वयं के भोजन का पैकेट खोलकर खाना खिलाया और उसके बाद बुर्जुग महिला को उनके घर पहुंचाया। इसी दौरान के साथी संदीप शर्मा ने उनका वीडियो बना लिया और अपने दोस्तों में शेयर कर दिया।
बता दें 2015 में जब खरगोन शहर में कर्फ्यू के हालात थे, तब भी राकेश ने जलते घर से सिलेंडर निकाल कर अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए करीब 20 सिलेंडरों को फटने से बचाया था। एसटीएफ जवान की तारीफ में फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने तारीफ की थी और उन्हें 25 हजार रुपये पुरस्कार स्वरूप दिए थे।