मध्य प्रदेश में खरगोन और बडवानी में रामनवमी के जुलूस के दौरान हुई हिंसा को लेकर सियासत गरमा गई है। राज्यसभा सदस्य और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने आम आदमी पार्टी से भाजपा में शामिल हुए नेता कपिल मिश्रा की खरगोन में मौजूदगी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जहां कपिल मिश्रा होते हैं, वहां दंगा होता है। पलटवार करते हुए मिश्रा ने कहा कि कसाब को हिंदू बताने वाले अब झूठ फैलाने का काम कर रहे हैं।
खरगोन के उपद्रव पर दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा कि जहां-जहां पांव पड़े कपिल मिश्रा के, वहीं वहीं दंगा और फसाद। क्या इसकी जांच होगी? इस पर कभी आम आदमी पार्टी में अरविंद केजरीवाल के सिपहसालार रहे कपिल मिश्रा ने पलटवार किया है। मिश्रा ने कहा कि कसाब को हिंदू बताने वाला फिर झूठ फैलाने लगा। मैं जहां था वहां दंगा नहीं हुआ। और हां, जांच हुई तो हर दंगे में किसी जिहादी और उसके पीछे छिपा कोई कांग्रेसी ही सामने आएगा। खरगोन में जिहादियों ने पथराव किया और आगजनी की। दिग्विजय जैसे लोग उन्हें बचाने के लिए झूठ फैला रहे हैं। कसाब को हिंदू बताने से पहले क्या जांच की थी आपने?
रविवार को रामनवमी के जुलूस पर खरगोन और बड़वानी के सेंधवा में पथराव हो गया। खरगोन में घरों में आगजनी की घटना भी हुई। खरगोन एसपी समेत 20 से अधिक लोग घायल हुए। पुलिस को हालात काबू करने के लिए आसपास के थानों से पुलिस बुलानी पड़ी। कर्फ्यू लगाना पड़ा। पुलिस ने 84 से ज्यादा दंगाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके घरों को तोड़ने की भी कार्रवाई जारी है।