मध्यप्रदेश के खंडवा जिले का एक वीडियो शनिवार को जमकर सोशल मीडिया साइट्स पर वायरल हो रहा है। जो कि अस्पताल में मौजूद एक घायल युवक का है। इस वीडियो में वह घायल युवक अपने साथ हुई मारपीट की घटना का जिक्र करते हुए दिख रहा है, जिसमें वह बता रहा है कि वह यूपी के मुजफ्फरनगर का रहने वाला है और खंडवा नाइट पेंट बेचने का काम करने आया था।
इस दौरान शनिवार सुबह उसे शहर के रेलवे स्टेशन के समीप बने एक ब्रिज के पास कुछ लोगों ने रोक कर उसका नाम पूछा और नाम बताते ही उसके साथ जमकर मारपीट और गाली-गलौज की गई। इस वीडियो को सोशल मीडिया साइट एक्स पर यूजर @KashifKakvi सहित कई और यूज़र ने भी पोस्ट और रिपोस्ट किया है, जिसकी पड़ताल करने पर खंडवा के जिला अस्पताल में मौजूद युवक ने अपने साथ हुई इस घटना को विस्तार से बताया। वहीं, कोतवाली थाना क्षेत्र की इस घटना को लेकर थाना प्रभारी अशोक चौहान ने फिलहाल मामला जांच में होने के चलते कुछ भी कहने से मना कर दिया है। हालांकि, इस घटना में किसी युवती के साथ छेड़छाड़ जैसी घटना होना भी बताया जा रहा है, जो कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
इधर, खंडवा के नंदकुमार सिंह मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के चौथे फ्लोर पर भर्ती युवक अय्यूब ने बताया कि यह वायरल वीडियो उन्हीं का है और वही इस घटना में घायल हुए हैं। पीड़ित अय्यूब ने बताया कि वे नाइट पेंट बेचने का काम करते हैं और उसी के चलते ब्रिज के पास गए थे। वहीं, जब उनसे पूछा गया कि उनके साथ क्या घटना हुई है तो उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने उन्हें पकड़ा और उनसे नाम पूछा और जब उन्होंने अपना नाम अय्यूब बताया, तो वे लोग गाली देने लगे। और गाली देने के साथ ही उन्हें बहुत मारा और पीटा गया। इसके बाद एक पुलिसकर्मी आया, तब उनकी जान बची। नहीं तो उन्हें वे लोग मार देते। उन्होंने बताया कि वह उन लोगों को पहचानते नहीं हैं और वह यही बोल रहे थे कि हम तेरे को मार देंगे। उन्हें खंडवा आए मात्र 15 दिन हुए हैं, इसलिए उनकी किसी से न ही कोई दुश्मनी है और न ही वे उन लोगों को पहचानते थे। वे करीब 20 से 25 लोग थे और उन्होंने यह भी नहीं बताया कि उन्हें क्यों मारा जा रहा है।
वहीं, अस्पताल में घायल अय्यूब ने बताया कि वे अकेले आदमी थे। वे ऐसे में क्या कर सकते थे। उन्हें वहां मौजूद सब ने मारा और यह घटना रेलवे स्टेशन के पास स्थित ब्रिज के कोने पर हुई थी, जिसमें उनके दोनों हाथों में और कमर में और सिर में गंभीर चोटें आई है। घायल अय्यूब ने बताया कि उन्हें लात और मुक्कों के साथ ही मारने वालों के हाथों में जो कड़े थे, उससे उन्हें मारा गया और उन्हें मारते वक्त बैठा के रखा गया। वहीं, जब उनके भाई इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने गए, तो उनके भाई को भी पुलिस ने वहीं बैठा लिया।