चोरी का माल खरीदने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के खंडवा जिले की मूंदी थाना पुलिस ने चोरी का सामन खरीदने वाले सनावद के आरोपी को गिरफ्तार किया है। साथ ही उससे खरीदे गए सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए गए हैं, जिसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल वारंट जारी होने के बाद जेल भेज दिया गया।
वहीं, इस मामले की जानकारी देते हुए मूंदी थाना प्रभारी राजेन्द्र नरवरिया ने बताया कि अपराध नं. 298/24 धारा 331 (3), 305 बीएनएस में आरोपी देवेन्द्र से चोरी गए सोने, चांदी के जेवर और 45 हजार नकद सहित कुल 1 लाख 2 हजार रुपये का माल जब्त किया गया था। पूछताछ में जानकारी मिली थी कि आरोपी ने सोने चांदी का कुछ सामान सगीर उर्फ शांभा निवासी सनावद को बेच दिया था, जिसके बाद पुलिस टीम ने सगीर को गिरफ्तार कर उससे 32 हजार रुपये का सामान भी जब्त किया था।
बता दें कि रविन्द्र पिता भीम सिंह भिलाला निवासी जलवा बुजुर्ग ने थाने में चोरी का एक मामला दर्ज कराया था, जिसकी जांच के दौरान एफएसएल टीम ने घटना स्थल पर से फिंगर प्रिंट के नमूने लिए थे। ये फिंगर प्रिंट थाना सवानद जिला खरगोन के हिस्ट्रीशीटर बदमाश देवेन्द्र पिता रामसिंह से मैच हुए थे। टीम ने सनावद पुलिस की मदद से आरोपी की तलाश की।
वहीं, इस दौरान रात्री के समय थाना सनावद मे भी एक नकबजनी की घटना हुई थी, जिसके बाद थाना सनावद की घटना में आरोपी देवेन्द्र पिता राम सिंह को सनावद पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इस दौरान आरोपी को रिमाण्ड पर लेकर चोरी गए सोने, चांदी के जेवर 45 हजार नकद, इस तरह कुल 1 लाख 2 हजार रुपये का माल जब्त किया था। वहीं, आरोपी ने सोने चांदी के जेवर मंगलसूत्र, एक जोड़ी टाप्स एवं चांदी की पायजेब सगीर ऊर्फ शांभा पिता गफुर निवासी वार्ड नंबर 04 मेहबुबपुरा सनावद को बेचना बताया था, जिसे सनावद से गिरफ्तार कर आरोपी से सोने चांदी के जेवर कुल कीमती 32 हजार रुपये के जब्त किए गए।