मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के खालवा ब्लॉक के ग्राम मल्हारगढ़ स्थित हाजरा मेमोरियल कॉलेज पर बुधवार देर शाम सीबीआई का एक जांच दल दस्तावेजों की जांच करने पहुंचा है। मध्य प्रदेश में बीएससी का नर्सिंग कोर्स कराने वाले प्रदेश के कई नर्सिंग कॉलेजों की हाई कोर्ट के निर्देश पर सीबीआई की अलग-अलग टीमें जांच कर रही है। माना जा रहा है कि इसी सिलसिले में ये जांच की गई।
जानकारी के अनुसार हाई कोर्ट में चल रहे एक प्रकरण में अगली सुनवाई से पहले महत्वपूर्ण जानकारियां इकट्ठा करने केंद्रीय जांच एजेंसी के सदस्यों की टीम इस कॉलेज में पहुंची है, जहां उन्होंने कॉलेज की मान्यता से संबंधित दस्तावेज खंगालने के साथ ही कॉलेज के स्टाफ, उनकी योग्यता, कॉलेज की छात्र संख्या, प्रैक्टिकल लैब, लाइब्रेरी सहित बिल्डिंग परमिशन जैसे दस्तावेजों की जांच करना शुरू किया है। बता दें कि मध्य प्रदेश में बीएससी का नर्सिंग कोर्स कराने वाले प्रदेश के कई नर्सिंग कॉलेजों की हाई कोर्ट के निर्देश पर सीबीआई की अलग-अलग टीमें जांच कर रही है। माना जा रहा है कि इसी जांच के सिलसिले में सीबीआई का यह जांच दल यहां दस्तावेजों की जांच करने पहुंचा है।
बता दें कि बीएससी नर्सिंग के सत्र 2021 से परीक्षाएं नहीं हो पा रही हैं, क्योंकि कुछ महाविद्यालयों के फर्जीवाड़े को लेकर हाई कोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ में एक याचिका लगी हुई थी, जो कि जबलपुर हाईकोर्ट में सुनवाई के लिए शिफ्ट हो गई है। इसी प्रकरण में अगली सुनवाई के पहले हाई कोर्ट के निर्देश पर सीबीआई को प्रदेश के निजी और सरकारी नर्सिंग कॉलेजों की जांच कर अपनी रिपोर्ट कोर्ट में पेश करना है ।
केंद्रीय एजेंसी के जांच दल में शामिल महिला एवं पुरुष अधिकारियों ने कॉलेज पहुंचते ही वहां मौजूद स्टाफ से पूछताछ शुरू कर दी, तो वहीं कॉलेज के रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच पड़ताल भी शुरू कर दी है। इधर इस दौरान मीडिया कर्मियों को भी जांच एजेंसी के पूछताछ में शामिल अधिकारियों ने फिलहाल कुछ भी बताने से मना कर दिया है, तो वहीं इस दौरान कॉलेज में चल रही जांच के फोटो एवं वीडियो निकालने पर भी रोक लगा दी है। हालांकि स्थानीय रहवासियों के मुताबिक केंद्रीय दल के पहुंचते ही कॉलेज में पहली बार कई सारी फैकेल्टी बाकायदा कॉलेज के ड्रेस कोड पहने नजर आई हैं, जो कि अब तक कॉलेज से नदारद थे। इस कॉलेज में बीकॉम, बीएससी, एम कॉम, बीएससी नर्सिंग जैसे कई पाठ्यक्रमों का अध्ययन कराया जाता है।